लकड़ी से भरे वाहन को वन अमले ने रोका, वैधता की जांच में जुटा विभाग
1 min read

धरमजयगढ़ – बोरो वन परिक्षेत्र में वन विभाग की सक्रियता के बीच आम की लकड़ी (लट्ठों) से भरे एक वाहन को रोककर जांच शुरू किए जाने से क्षेत्र में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार रुवाफुल क्षेत्र की ओर से आ रहे तिरपाल से ढके इस वाहन को बोरो रेंजर के नेतृत्व में वन अमले ने रोककर अपने कब्जे में लिया और उसके परिवहन से जुड़े दस्तावेजों की जांच प्रारंभ कर दी।

जानकारी के अनुसार वाहन में आम की लकड़ी लदी हुई थी। वन विभाग अब यह पता लगाने में जुटा है कि लकड़ी का परिवहन सक्षम प्राधिकारी की अनुमति एवं प्रचलित वन नियमों के अनुरूप किया जा रहा था या नहीं। इसके लिए परिवहन से संबंधित अभिलेखों के साथ लकड़ी के स्रोत और अन्य आवश्यक दस्तावेजों का भी परीक्षण किया जा रहा है।

वन विभाग की इस कार्रवाई ने पूरे क्षेत्र का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। स्थानीय स्तर पर तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं और लोग जांच के परिणाम का इंतजार कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि यदि जांच में नियमों के उल्लंघन या किसी प्रकार की अनियमितता सामने आती है तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध वन अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।

फिलहाल वन विभाग ने मामले की जांच जारी होने की बात कही है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि लकड़ी का परिवहन पूरी तरह वैध था अथवा मामले में किसी प्रकार की अनियमितता सामने आती है। अब सभी की निगाहें वन विभाग की अंतिम जांच रिपोर्ट पर टिकी हुई हैं, जिससे पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।


Subscribe to my channel