बस स्टैंड में बेखौफ चोरों का धावा, एक ही रात में कई दुकानों के ताले तोड़ने का प्रयास!
1 min read

धरमजयगढ़ – नगर के सबसे व्यस्त और प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र बस स्टैंड में शनिवार देर रात अज्ञात बदमाशों द्वारा कई दुकानों के ताले तोड़ने के प्रयास की घटना सामने आने से व्यापारियों में दहशत का माहौल है। एक ही रात में कई प्रतिष्ठानों को निशाना बनाए जाने से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े होने लगे हैं।

जानकारी के अनुसार, अज्ञात बदमाश देर रात बस स्टैंड क्षेत्र में पहुंचे और क्रमवार कई दुकानों के ताले तोड़ने का प्रयास किया। हालांकि, प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बदमाश अपने मंसूबों में सफल नहीं हो सके, लेकिन दुकानों के क्षतिग्रस्त ताले यह संकेत देते हैं कि क्षेत्र में संगठित तरीके से वारदात को अंजाम देने की कोशिश की गई।

घटना के बाद रविवार सुबह जब दुकानदार अपनी-अपनी दुकानें खोलने पहुंचे तो ताले टूटे और क्षतिग्रस्त मिले। इसकी सूचना मिलते ही व्यापारियों में हड़कंप मच गया। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि नगर के सबसे संवेदनशील और व्यस्त व्यावसायिक इलाके में इस तरह की घटना होना चिंता का विषय है। उनका कहना है कि यदि अपराधी इतने व्यस्त क्षेत्र में भी बेखौफ होकर वारदात का प्रयास कर सकते हैं, तो इससे उनकी दुस्साहस का अंदाजा लगाया जा सकता है।
व्यापारियों के अनुसार, जिन दुकानों और आसपास के प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, उनके फुटेज पुलिस को उपलब्ध करा दिए गए हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि कैमरों में कैद तस्वीरों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर शीघ्र गिरफ्तारी की जा सकेगी। मिली जानकारी के अनुसार पीड़ित दुकानदारों ने मामले की शिकायत पुलिस से कर कार्रवाई की मांग की है। व्यापारियों का कहना है कि यदि समय रहते ऐसे तत्वों के खिलाफ कठोर कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में बड़ी चोरी की घटनाओं से इनकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने बस स्टैंड क्षेत्र में रात्रिकालीन पुलिस गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने की भी मांग की है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। अब पूरे व्यापारिक वर्ग की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि पुलिस आरोपियों तक कितनी जल्दी पहुंचकर उनके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करती है।

Subscribe to my channel