सालों से मिलता रहा आश्वासन, क्या अब बनेगा सरिया नाला पर पुल? प्रशासकीय स्वीकृति का अब भी इंतज़ार !
1 min read

धरमजयगढ़- विगत कई वर्षों से से केवल आश्वासन सुनते आ रहे क्रोँधा–खड़गांव क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों के लिए एक बार फिर उम्मीद की किरण दिखाई दी है। सरिया नाला पर उच्चस्तरीय पुल निर्माण का प्रस्ताव अब विभागीय स्तर से आगे बढ़ चुका है। हालांकि विडंबना यह है कि 22 जून 2026 को लोक निर्माण विभाग (सेतु निर्माण मंडल) रायगढ़ द्वारा यह प्रस्ताव मुख्य अभियंता को भेजे हुए लगभग डेढ़ माह बीत चुका है, लेकिन प्रशासकीय स्वीकृति की जानकारी अभी तक सार्वजनिक रुप से उपलब्ध नहीं हो पाई है !
विभाग ने 10 करोड़ 17 लाख 81 हजार रुपये की लागत से 105 मीटर लंबे उच्चस्तरीय पुल तथा 695 मीटर पहुंच मार्ग के निर्माण का विस्तृत प्राक्कलन तकनीकी एवं प्रशासनिक स्वीकृति के लिए भेजा है। प्रस्ताव में सात स्पान वाला पुल और दोनों ओर पहुंच मार्ग का निर्माण शामिल है।
लेकिन क्षेत्र के लोगों के मन में सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या इस बार भी फाइलें ही दौड़ेंगी या वास्तव में पुल बनेगा? क्योंकि पिछले कई वर्षों से हर चुनाव, हर दौरे और हर मंच से पुल निर्माण के आश्वासन दिए जाते रहे हैं, लेकिन जमीन पर आज तक एक ईंट भी नहीं रखी जा सकी।
इसका सबसे बड़ा खामियाजा बरसात के मौसम में ग्रामीणों और स्कूली बच्चों को भुगतना पड़ता है। सरिया नाला उफान पर आते ही संपर्क टूट जाता है। कई बार छात्र-छात्राओं को कमर तक पानी में जान जोखिम में डालकर नाला पार कर विद्यालय पहुंचना पड़ता है। ग्रामीणों को इलाज, बाजार और दैनिक आवश्यक कार्यों के लिए भी भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
अब जबकि प्रस्ताव स्वीकृति के लिए भेजा जा चुका है, क्षेत्रवासियों की निगाहें शासन के अगले फैसले पर टिकी हैं। बीते कई सालों की अधूरी घोषणाओं के बाद लोग अब आश्वासन नहीं, बल्कि सरिया नाला पर पुल का वास्तविक निर्माण देखना चाहते हैं। आने वाले दिनों में यह स्पष्ट हो जाएगा कि इस बार इतिहास बदलेगा या किसी ना किसी कारण से फिर एक और आश्वासन लोगों की झोली में डाल दिया जाएगा।
Subscribe to my channel