स्कूल मार्ग पर हादसे के साए में नौनिहाल, सुरक्षा की गुहार फाइलों में कैद!
1 min read
पत्राचार हुआ, आदेश निकले… लेकिन जमीनी कार्रवाई अब तक शून्य

धरमजयगढ़ – रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ नगर पंचायत क्षेत्र स्थित पीएम श्री स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय के मार्ग पर स्कूली बच्चों की सुरक्षा गंभीर चिंता का विषय बनी हुई है। प्रतिदिन सैकड़ों छात्र-छात्राएं इसी व्यस्त सड़क से होकर विद्यालय पहुंचते हैं, लेकिन भारी वाहनों की निर्बाध आवाजाही के बीच उनका सफर लगातार खतरे के साए में गुजर रहा है।

बच्चों की सुरक्षा को लेकर स्थानीय पार्षद जानू सिदार ने कुछ समय पूर्व इस मार्ग पर स्थायी बेरिकेडिंग लगाने की मांग करते हुए पहल की थी। उनकी मांग को गंभीरता से लेते हुए मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) ने पुलिस थाना प्रभारी को आधिकारिक पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई एवं स्थायी बेरिकेडिंग सुनिश्चित करने का अनुरोध भी किया था। इससे लोगों को उम्मीद जगी थी कि जल्द ही विद्यालय मार्ग सुरक्षित बनाया जाएगा।

लेकिन समय बीतने के बावजूद हालात जस के तस बने हुए हैं। प्रशासनिक पत्राचार फाइलों तक सीमित रह गया और जमीन पर अब तक कोई ठोस व्यवस्था दिखाई नहीं देती। परिणामस्वरूप विद्यालय मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही पहले की तरह जारी है। स्कूल लगने और छुट्टी के समय यह मार्ग सबसे अधिक संवेदनशील हो जाता है, जब छोटे-छोटे बच्चों को तेज रफ्तार वाहनों के बीच सड़क पार करनी पड़ती है।
स्थानीय नागरिकों और अभिभावकों का कहना है कि जब प्रशासन स्वयं इस मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था की आवश्यकता स्वीकार कर चुका है, तो फिर कार्रवाई में इतनी देरी क्यों हो रही है? उनका सवाल है कि क्या किसी बड़े हादसे के बाद ही सुरक्षा के इंतजाम किए जाएंगे?
क्षेत्रवासियों ने संबंधित विभागों से मांग की है कि विद्यालय मार्ग पर शीघ्र स्थायी बेरिकेडिंग, आवश्यक यातायात नियंत्रण तथा भारी वाहनों की आवाजाही पर प्रभावी व्यवस्था लागू की जाए, ताकि मासूम बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके और किसी संभावित दुर्घटना से पहले ही ठोस कदम उठाए जा सकें।
Subscribe to my channel