धरमजयगढ़ कॉलोनी में ड्रोन सर्वे से हड़कंप, कार्रवाई की मांग
1 min read


एस ई सी एल के विरोध में ग्रामीणों की बैठक
धरमजयगढ़ – कॉलोनी में घनी आबादी वाले क्षेत्र के ऊपर कथित रूप से बिना पूर्व सूचना कराए गए ड्रोन सर्वे को लेकर शनिवार को विवाद गहरा गया। बड़ी संख्या में नगरवासी थाना धरमजयगढ़ पहुंचे और पुलिस को लिखित शिकायत सौंपते हुए सर्वे में शामिल एसईसीएल के संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई करने, ड्रोन जब्त करने तथा रिकॉर्ड किए गए फुटेज सार्वजनिक करने की मांग की।
शिकायत के अनुसार, ड्रोन के माध्यम से कॉलोनी के घरों, आंगनों और निजी परिसरों की वीडियो रिकॉर्डिंग एवं तस्वीरें ली गईं, जिससे नागरिकों की निजता प्रभावित हुई है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि कॉलोनी में महिलाएं, बच्चे और परिवार निवास करते हैं तथा कई निजी गतिविधियां खुले आंगनों में भी संचालित होती हैं। ऐसे में बिना पूर्व सूचना और सहमति के ड्रोन उड़ाकर वीडियो एवं फोटो रिकॉर्ड करना लोगों के निजता के अधिकार का उल्लंघन है और इससे पूरे क्षेत्र में असुरक्षा एवं भय का वातावरण बन गया है।
नगरवासियों ने पुलिस से मांग की है कि आबादी क्षेत्र में किए जा रहे ड्रोन सर्वे को तत्काल प्रभाव से रोका जाए तथा अब तक रिकॉर्ड किए गए सभी वीडियो और फोटो का फुटेज उपलब्ध कराया जाए, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि किसी भी व्यक्ति की निजी गतिविधियों का अनुचित चित्रांकन नहीं किया गया है। साथ ही सर्वे में उपयोग किए गए ड्रोन को जब्त कर ड्रोन संचालक तथा सर्वे में शामिल संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध विधिसम्मत कानूनी कार्रवाई करने की भी मांग की गई है।
शिकायत की प्रतिलिपि पुलिस अधीक्षक, रायगढ़ को भी प्रेषित की गई है। मामले को लेकर अब पूरे क्षेत्र की निगाहें पुलिस प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं। पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि ड्रोन सर्वे किस अनुमति के आधार पर कराया गया, क्या निर्धारित नियमों का पालन किया गया तथा शिकायत में लगाए गए आरोप कितने तथ्यात्मक हैं। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित पक्षों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।
Subscribe to my channel