June 28, 2026

Udghosh Samay News

खबर जहां हम वहां

जल्द हो सकती है कोल ब्लॉक की जनसुनवाई, हलचल तेज , क्या नई रणनीति से बदलेगा माहौल ?

1 min read
Spread the love

धरमजयगढ़ – क्षेत्र में प्रस्तावित अदानी समूह की मेसर्स अंबुजा सीमेंट प्राइवेट लिमिटेड के कोल ब्लॉक को लेकर एक बार फिर हलचल तेज होती दिखाई दे रही है। सूत्रों के अनुसार, वन स्वीकृति की प्रक्रिया पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय में अंतिम चरण में लंबित है और स्वीकृति कभी भी मिल सकती है। इसके बाद परियोजना की जनसुनवाई की प्रक्रिया आगे बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।
गौरतलब है कि पूर्व में पुरुँगा, साम्हरसिंघा, कोकदार और तेन्दुमुड़ी सहित प्रभावित क्षेत्रों में कंपनी को ग्रामीणों के तीव्र विरोध का सामना करना पड़ा था। उस समय विरोध के पीछे कई कारण बताए गए थे, जिनमें ग्रामीणों और कंपनी के बीच प्रभावी एवं सकारात्मक संवाद का अभाव भी प्रमुख माना गया।
अब चर्चा है कि कंपनी इस स्थिति से सबक लेते हुए नई रणनीति पर काम कर रही है। सूत्रों के मुताबिक कंपनी के प्रतिनिधि लगातार ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और क्षेत्र के प्रमुख लोगों से संपर्क कर संवाद स्थापित करने का प्रयास कर रहे हैं। विभिन्न स्तरों पर बैठकों और मुलाकातों का सिलसिला भी शुरू हो चुका है, ताकि जनसुनवाई से पहले बेहतर माहौल बनाया जा सके।
अब निगाहें इस बात पर हैं कि कंपनी की जनसंपर्क टीम पूर्व में बने अविश्वास के माहौल को किस हद तक कम कर पाती है। यह भी देखने वाली बात होगी कि संवाद की यह पहल केवल औपचारिकता साबित होती है या वास्तव में ग्रामीणों की आशंकाओं और सवालों का समाधान करने में सफल रहती है। आने वाले दिनों में जनसुनवाई की संभावित प्रक्रिया और स्थानीय लोगों की प्रतिक्रिया इस पूरे घटनाक्रम की दिशा तय करेगी।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[join_button]
WhatsApp