June 29, 2026

Udghosh Samay News

खबर जहां हम वहां

मन की बात से आत्मनिर्भरता, वैज्ञानिक सोच और सामाजिक उत्तरदायित्व का संदेश मिला : कुलगुरु प्रो. आलोक चौबे

1 min read
Spread the love

चित्रकूट, 28 जून 2026। महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय परिसर में आज संपन्न प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 135वें एपिसोड के ऑनलाइन प्रसारण को कुलगुरु प्रो. आलोक चौबे सहित विश्वविद्यालय के शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी तथा छात्र-छात्राओ ने सुना और देखा।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने देश की प्रगति, आत्मनिर्भर भारत, सामाजिक उत्तरदायित्व तथा वैज्ञानिक दृष्टिकोण जैसे विषयों पर विशेष बल दिया। उन्होंने स्वदेशी रक्षा उत्पादन में भारत की बढ़ती क्षमता का उल्लेख करते हुए सी-295 विमान, स्वदेशी युद्धपोतों और क्रूज मिसाइलों जैसी उपलब्धियों को देश की आत्मनिर्भरता का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि भारत समुद्र से लेकर आकाश तक अपनी सामरिक क्षमता को स्वदेशी तकनीक के आधार पर सुदृढ़ बना रहा है।

प्रधानमंत्री ने पश्चिम एशिया की परिस्थितियों के संदर्भ में देशवासियों द्वारा प्रदर्शित संयम और सहयोग की सराहना करते हुए ईंधन की बचत, कार पूलिंग, सार्वजनिक परिवहन के उपयोग तथा आवश्यकता होने पर पुराने स्वर्ण के पुनः उपयोग जैसे जिम्मेदार नागरिक व्यवहार की प्रशंसा की। उन्होंने इसे राष्ट्रहित में जनभागीदारी का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।

अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना जैसी सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की उपयोगिता पर प्रकाश डाला तथा नागरिकों से अधिकाधिक लाभ उठाने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने अंधविश्वास से दूर रहकर वैज्ञानिक सोच अपनाने और विवेकपूर्ण निर्णय लेने का संदेश भी दिया।

कार्यक्रम के उपरांत कुलगुरु प्रो. आलोक चौबे ने कहा कि ‘मन की बात’ केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को सकारात्मक दिशा देने वाला प्रेरक अभियान है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय परिवार प्रधानमंत्री द्वारा दिए गए आत्मनिर्भरता, पर्यावरण संरक्षण, संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग, वैज्ञानिक दृष्टिकोण तथा जनभागीदारी के संदेशों को अपने शैक्षणिक एवं सामाजिक दायित्वों में आत्मसात करेगा।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[join_button]
WhatsApp