ग्रामोदय विश्वविद्यालय में गुटखा सेवन के दुष्प्रभाव एवं समाधान पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
1 min read

चित्रकूट- 22 जून 2026 महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय के कृषि संकाय में मानसिक स्वास्थ्य संवर्धन एवं नशा मुक्ति जागरूकता अभियान के अंतर्गत “गुटखा सेवनजन्य विकार एवं व्यवहारिक समाधान” विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कृषि संकाय के संकायाध्यक्ष प्रो. डी.पी. राय ने की।
विश्वविद्यालय की मानसिक स्वास्थ्य एवं कल्याण समिति के अध्यक्ष प्रो. नंदलाल मिश्र ने छात्र-छात्राओं को गुटखा सेवन से मस्तिष्क एवं तंत्रिका तंत्र पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गुटखा की लत व्यक्ति के मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित करती है तथा अनेक मनोवैज्ञानिक एवं व्यवहारगत समस्याओं को जन्म देती है।
नोडल अधिकारी डॉ. राकेश कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि वर्तमान समय में गुटखा सेवन एक गंभीर जनस्वास्थ्य चुनौती बन चुका है। इसके कारण मुंह एवं गले का कैंसर, मुंह का सीमित रूप से खुलना, हृदय रोग, उच्च रक्तचाप, श्वसन संबंधी बीमारियां तथा मानसिक निर्भरता जैसी समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। उन्होंने बताया कि व्यवहार परिवर्तन, निकोटिन प्रतिस्थापन चिकित्सा, संज्ञानात्मक व्यवहार चिकित्सा, संतुलित आहार, नियमित व्यायाम तथा व्यापक जन जागरूकता इसके प्रभावी समाधान हैं।
वक्ताओं ने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे स्वयं नशे एवं गुटखा सेवन से दूर रहें तथा अपने परिवार और समाज में भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूकता फैलाएं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं एवं संकाय सदस्यों ने सहभागिता की।
विद्यार्थियों के लिए रोजगार अवसर
महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय के प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट प्रकोष्ठ द्वारा सूचित किया गया है कि एसबीआई लाइफ में डेवलपमेंट मैनेजर पद हेतु भर्ती के लिए 23 जून 2026 को प्रातः 11 बजे साक्षात्कार आयोजित किया जाएगा। इसमें बी बी ए, एम बीए, बी.कॉम. के पास आउट एवं अंतिम वर्ष की परीक्षा में सम्मिलित विद्यार्थी अपने बायोडाटा के साथ प्रबंधन संकाय, एम जी सी जी वी चित्रकूट में उपस्थित हो सकते हैं। इच्छुक विद्यार्थी अधिक जानकारी के लिए डॉ. एस.के. अरासिया से संपर्क कर सकते हैं।
यह जानकारी प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट अधिकारी डॉ. रविकांत श्रीवास्तव द्वारा प्रदान की गई है।
Subscribe to my channel