अवैध रेत उत्खनन पर प्रशासन का शिकंजा 63 प्रकरणों में लाखों की वसूली !
1 min read

धरमजयगढ़ – रायगढ़ जिले में अवैध रेत उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार वित्तीय वर्ष 2026-27 में अब तक अवैध खनिज गतिविधियों के विरुद्ध व्यापक कार्रवाई करते हुए दर्जनों प्रकरण दर्ज किए गए हैं।
खनिज विभाग के अनुसार अवैध उत्खनन के 07, अवैध परिवहन के 52 तथा अवैध भंडारण के 04 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। इन मामलों में कुल 16 लाख 12 हजार 600 रुपये की शास्ति राशि राजस्व मद में जमा कराई गई है। विभाग का कहना है कि खनिज संसाधनों के संरक्षण तथा राजस्व हानि को रोकने के लिए लगातार निगरानी अभियान चलाया जा रहा है।
प्रशासन ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि ग्रामीण क्षेत्रों एवं नदी घाटों में नियमित निरीक्षण किया जाए तथा अवैध खनन में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी तंत्र को और अधिक प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया गया है।
खनिज विभाग का मानना है कि अवैध उत्खनन से न केवल शासन को राजस्व की क्षति होती है, बल्कि पर्यावरणीय संतुलन और प्राकृतिक संसाधनों पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। इसी को ध्यान में रखते हुए विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है तथा भविष्य में भी अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के विरुद्ध अभियान जारी रहेगा।
प्रशासन की इस कार्रवाई को क्षेत्र में अवैध खनन पर नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ किसी भी स्तर पर ढिलाई नहीं बरती जाएगी और दोषियों पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Subscribe to my channel