June 17, 2026

Udghosh Samay News

खबर जहां हम वहां

ग्रामोदय विश्वविद्यालय से स्थानांतरित हुए नीलकमल कुमावत को दी गई भावपूर्ण विदाई

1 min read
Spread the love

चित्रकूट- 17 जून 2026। उच्च शिक्षा विभाग, मध्यप्रदेश शासन द्वारा महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय के सहायक कुलसचिव श्री नीलकमल कुमावत का स्थानांतरण सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय, उज्जैन किए जाने पर विश्वविद्यालय परिवार द्वारा उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। रजत जयंती सभागार में आयोजित विदाई एवं सम्मान समारोह कुलगुरु प्रो. आलोक चौबे की अध्यक्षता में संपन्न हुआ।
समारोह में कुलगुरु प्रो. आलोक चौबे ने श्री कुमावत को शाल, श्रीफल एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर उनके योगदान की सराहना की। इस अवसर पर कुलसचिव प्रो. आञ्जनेय पांडेय, लेखा नियंत्रक डॉ. एस. ओझा सहित स्थापना, लेखा, कुलपति कार्यालय तथा विभिन्न प्रशासनिक विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

वक्ताओं ने श्री कुमावत के कार्यनिष्ठ, अनुशासित एवं सौहार्दपूर्ण कार्य व्यवहार की मुक्त कंठ से प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनकी कार्यकुशलता को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने उन्हें उपकुलसचिव, अतिथि गृह प्रभारी एवं क्रय अधिकारी जैसे महत्वपूर्ण दायित्व भी सौंपे थे।
अपने उद्बोधन में श्री नीलकमल कुमावत ने कहा कि सहायक कुलसचिव के रूप में उनकी प्रथम नियुक्ति महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय में हुई थी तथा 21 मार्च 2024 को कार्यभार ग्रहण किया था। उन्होंने विश्वविद्यालय परिवार के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका आत्मीय संबंध सदैव इस विश्वविद्यालय से बना रहेगा।
उल्लेखनीय है कि श्री कुमावत सहायक कुलसचिव भर्ती परीक्षा-2022 के टॉपर रहे हैं। प्रशासनिक दायित्वों के साथ-साथ वे विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को सिविल सेवा परीक्षाओं की तैयारी हेतु नियमित मार्गदर्शन भी प्रदान करते रहे तथा समय-समय पर विशेष कक्षाओं का संचालन कर विद्यार्थियों को लाभान्वित करते रहे हैं।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[join_button]
WhatsApp