श्री ऋषभ विद्योदय महाविद्यालय बनाहील में फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के तहत जागरूकता अभियान आयोजित, 86 विद्यार्थी हुए शामिल!
1 min read
जांजगीर-चांपा/बनाहील। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, जिला जांजगीर-चांपा के अंतर्गत राष्ट्रीय फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम (हाथीपांव) को लेकर श्री ऋषभ विद्योदय महाविद्यालय, बनाहील में एक दिवसीय जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम जिला मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनीता श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ।
कार्यक्रम में पीसीआई इंडिया के जिला समन्वयक अनिल कुमार टंडन ने महाविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के छात्र-छात्राओं को फाइलेरिया (हाथीपांव) बीमारी के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि फाइलेरिया एक संक्रमित बीमारी है, जो संक्रमित मच्छरों के काटने से फैलती है। इस बीमारी से बचाव के लिए निर्धारित अभियान के दौरान वर्ष में एक बार दवा का सेवन करना बेहद जरूरी है।
उन्होंने विद्यार्थियों को बीमारी से बचाव के लिए नियमित रूप से मच्छरदानी का उपयोग करने, अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने तथा मच्छरों के प्रजनन को रोकने के लिए जागरूक रहने की अपील की। साथ ही बताया कि फाइलेरिया से बचाव के लिए सामूहिक जागरूकता और निर्धारित दवा सेवन महत्वपूर्ण है।
राष्ट्रीय फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के तहत 10 फरवरी 2027 से 25 फरवरी 2027 तक चलने वाले अभियान की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों से संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।
महाविद्यालय के संचालक डॉ. जे.के. जैन ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि इस राष्ट्रीय अभियान में महाविद्यालय के मास्टर ऑफ सोशल वर्क (एमएसडब्ल्यू) तथा राष्ट्रीय सेवा योजना के विद्यार्थियों को अधिक से अधिक सहयोग करना चाहिए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में फाइलेरिया उन्मूलन के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना प्रभारी अरविंद मिरी सहित कुल 86 छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। विद्यार्थियों ने अभियान में सहयोग कर जनजागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
Subscribe to my channel