जनदर्शन में कलेक्टर ने सुनी आमजनों की मांग एवं समस्याएं, कुल 84 आवेदन हुए प्राप्त
1 min read
जांजगीर-चांपा, 09 जून 2026। कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन कार्यक्रम में जिले के शहरी एवं दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने प्राप्त आवेदनों का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा के अंदर पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
आज के जनदर्शन में कुल 84 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें राजस्व, राशन कार्ड, आवास, स्वास्थ्य, कृषि एवं अन्य कल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रूप से शामिल रहीं।



प्रमुख आवेदन:
• तहसील जांजगीर के ग्राम खोखसा निवासी श्रीमती अकतबाई ने राजस्व पर्ची में नाम जोड़वाने का आवेदन दिया।
• नैला निवासी श्रीमती पुष्पा सूर्या ने राशन कार्ड बनवाने की मांग की।
• तहसील सारागांव के ग्राम पचोरी निवासी श्री केदारनाथ कर्ष ने राजस्व अभिलेख में रिकॉर्ड दुरुस्त करवाने का आवेदन प्रस्तुत किया।
• तहसील बम्हनीडीह के श्री सुमेद दास महंत ने व्हीलचेयर उपलब्ध कराने एवं चिकित्सीय परीक्षण व उपचार की अपील की।
• तहसील शिवरीनारायण के ग्राम कचंदा निवासी श्रीमती सलिता सूर्यवंशी ने बेजा कब्जा हटवाने की मांग रखी।
• तहसील अकलतरा अंतर्गत ग्राम खोड़ निवासी श्री जमुना प्रसाद पांडेय ने राजस्व रिकॉर्ड दुरुस्त करने का आवेदन दिया।
इसके अलावा अन्य आवेदकों ने प्रधानमंत्री आवास योजना, पीएम किसान सम्मान निधि, महतारी वंदन योजना, राशन कार्ड, सीमांकन, खाता विभाजन सहित विभिन्न विभागीय समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।
कलेक्टर श्री महोबे ने कहा कि जनदर्शन का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित और संवेदनशील समाधान करना है। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि कोई भी आवेदन लंबित न रहे और शिकायतकर्ताओं को उचित जानकारी दी जाए।
Subscribe to my channel