Recent Posts

July 29, 2026

Udghosh Samay News

खबर जहां हम वहां

जय अम्बे कंपनी कार्यालय में घुसकर फायरिंग व धमकी का आरोप, पुलिस जांच में जुटी

1 min read
Spread the love

रामपुर-बटुरा मेगा प्रोजेक्ट क्षेत्र में सनसनी, कर्मचारियों ने लगाई सुरक्षा की गुहार

थाना क्षेत्र की सीमा को लेकर जांच प्रक्रिया प्रभावित, मामला कोतवाली पुलिस को सौंपने की तैयारी

भर्ती प्रक्रिया और स्थानीय युवाओं की शिकायतों को लेकर भी उठे सवाल

यशपाल जाट अनूपपुर/धनपुरी।

 रामपुर-बटुरा मेगा प्रोजेक्ट क्षेत्र में संचालित जय अम्बे कंपनी के कार्यालय में कथित रूप से हुई फायरिंग और कर्मचारियों को धमकाने की घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। कंपनी प्रबंधन द्वारा पुलिस को दी गई शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कुछ व्यक्तियों ने कार्यालय में घुसकर कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार किया तथा भय का माहौल बनाने का प्रयास किया।

प्रबंधन के अनुसार, आरोपित व्यक्तियों ने कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों को धमकाया और कथित तौर पर हथियार का प्रदर्शन किया। घटना के दौरान एक कर्मचारी के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है। घायल कर्मचारी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

कंपनी प्रबंधन का आरोप है कि कुछ असामाजिक तत्व लंबे समय से विभिन्न प्रकार के दबाव बनाकर कंपनी के कार्यों में बाधा उत्पन्न करने का प्रयास कर रहे हैं। घटना के बाद कर्मचारियों में भय और असुरक्षा का माहौल देखा जा रहा है।

सूत्रों के अनुसार, शिकायत लेकर कर्मचारी अमलाई थाना पहुंचे थे। इसी दौरान आरोपित पक्ष की ओर से कथित रूप से फोन कर शिकायत वापस लेने और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दिए जाने की बात भी सामने आई है। पुलिस ने इस संबंध में कॉल डिटेल सहित अन्य साक्ष्यों की जांच शुरू कर दी है।

जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि घटनास्थल का क्षेत्राधिकार अनूपपुर कोतवाली के अंतर्गत आता है। इसके चलते संबंधित दस्तावेज एवं अग्रिम कार्रवाई के लिए मामला कोतवाली पुलिस को हस्तांतरित किए जाने की प्रक्रिया जारी है।

इधर, रामपुर-बटुरा क्षेत्र में लगातार सामने आ रही आपराधिक घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ रही है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि खदान और औद्योगिक क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किए जाने की आवश्यकता है।

वहीं कुछ स्थानीय युवाओं द्वारा कंपनी की भर्ती प्रक्रिया को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं। युवाओं का आरोप है कि भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित की जानी चाहिए। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और संबंधित पक्ष की ओर से इस संबंध में कोई औपचारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन, पुलिस विभाग तथा एसईसीएल प्रबंधन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने तथा औद्योगिक क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

रिपोर्ट: यशपाल जाट, अनूपपुर

About The Author

आज की ताजा खबरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[join_button]
WhatsApp