Recent Posts

October 16, 2026

Udghosh Samay News

खबर जहां हम वहां

ए.के.एस. विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने प्लेसमेंट के क्षेत्र में स्थापित किया नया कीर्तिमान

1 min read
Spread the love


ए.के.एस. विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने प्लेसमेंट के क्षेत्र में स्थापित किया नया कीर्तिमान मध्य भारत के अग्रणी एवं नैक मान्यता प्राप्त ए.के.एस. विश्वविद्यालय ने एक बार फिर उत्कृष्ट तकनीकी शिक्षा, शोध एवं रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण की अपनी सशक्त परंपरा को सिद्ध करते हुए प्लेसमेंट के क्षेत्र में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। 9 मई को विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित एस.के. खेतान ग्रुप के भव्य कैंपस चयन अभियान में बी.टेक के कुल 10 मेधावी विद्यार्थियों का चयन ग्रेजुएट इंजीनियर ट्रेनी पद हेतु किया गया। चयनित विद्यार्थियों को देशभर में संचालित अत्याधुनिक भूमिगत धातु खदान परियोजनाओं में कार्य करने का गौरवपूर्ण अवसर प्राप्त होगा।


चयनित विद्यार्थियों में माइनिंग इंजीनियरिंग विभाग से अंजली मौर्य, कुंदन कुमार, शिवांक मिश्रा, अजय सिंह एवं विभूद राजेश जैन शामिल हैं, जबकि मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग से दीपेन्द्र कुमार, मुकेश कुमार एवं राकेश सिंह तथा बी.टेक इलेक्ट्रिकल विभाग से अनिल कुमार एवं शुभम रत्नाकर का चयन हुआ है। विद्यार्थियों की इस उल्लेखनीय उपलब्धि ने विश्वविद्यालय परिसर में उत्साह एवं गौरव का वातावरण निर्मित कर दिया है।
विशेष बात यह रही कि चयन प्रक्रिया पूर्णतः त्रिस्तरीय रही, जिसमें कंपनी द्वारा लिखित परीक्षा, समूह चर्चा एवं तकनीकी-साक्षात्कार का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने अपनी तकनीकी दक्षता, तार्किक क्षमता, संवाद कौशल एवं नेतृत्व क्षमता का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अंतिम चयन प्राप्त किया।
एस.के. खेतान ग्रुप देश के प्रतिष्ठित औद्योगिक समूहों में शामिल है, जिसने खनन, ऊर्जा एवं इंजीनियरिंग क्षेत्र में गुणवत्ता, तकनीकी उत्कृष्टता और औद्योगिक नवाचार के माध्यम से अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित की है। आधुनिक मशीनरी, उच्च सुरक्षा मानकों तथा उन्नत प्रबंधन प्रणाली के लिए प्रसिद्ध यह समूह युवाओं को राष्ट्रीय स्तर पर तकनीकी दक्षता, नेतृत्व क्षमता एवं व्यावहारिक औद्योगिक अनुभव प्रदान करने के लिए जाना जाता है।
कंपनी के एचआर प्रबंधक ने चयन प्रक्रिया के दौरान ए.के.एस. विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों की तकनीकी समझ, अनुशासन, आत्मविश्वास एवं व्यवहारिक ज्ञान की मुक्तकंठ से सराहना की। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों को उद्योगों की आवश्यकता के अनुरूप जो प्रशिक्षण एवं व्यावहारिक एक्सपोजर प्रदान किया जा रहा है, वह उन्हें अन्य संस्थानों के विद्यार्थियों से अलग पहचान दिलाता है। उन्होंने विश्वविद्यालय के शैक्षणिक वातावरण, आधुनिक अधोसंरचना एवं प्लेसमेंट उन्मुख शिक्षण प्रणाली की भी प्रशंसा की।
उल्लेखनीय है कि ए.के.एस. विश्वविद्यालय को उत्कृष्ट कैंपस चयन, उद्योगों से सशक्त सहभागिता एवं रोजगारपरक शिक्षा के लिए “बेस्ट प्लेसमेंट यूनिवर्सिटी इन सेंट्रल इंडिया” सम्मान से भी अलंकृत किया जा चुका है। यह उपलब्धि विश्वविद्यालय की गुणवत्ता आधारित शिक्षा, नवाचारपूर्ण प्रशिक्षण प्रणाली एवं विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को प्रमाणित करती है।
ग्रेजुएट इंजीनियर ट्रेनी के रूप में चयनित विद्यार्थियों को आधुनिक खनन तकनीकों, औद्योगिक सुरक्षा प्रबंधन, मशीन संचालन, उत्पादन प्रणाली एवं परियोजना प्रबंधन का गहन व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। यह अवसर विद्यार्थियों के लिए न केवल एक प्रतिष्ठित करियर की शुरुआत है, बल्कि उन्हें भविष्य में वरिष्ठ तकनीकी विशेषज्ञ, परियोजना प्रमुख एवं औद्योगिक नेतृत्वकर्ता बनने की दिशा में सशक्त आधार भी प्रदान करेगा।
विश्वविद्यालय के प्रो-चांसलर अनंत कुमार सोनी ने चयनित विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि ए.के.एस. विश्वविद्यालय केवल शैक्षणिक डिग्री प्रदान करने तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों को वैश्विक औद्योगिक आवश्यकताओं के अनुरूप दक्ष, आत्मविश्वासी एवं रोजगारपरक पेशेवर के रूप में तैयार कर रहा है। उन्होंने कहा कि अत्याधुनिक प्रयोगशालाएँ, अनुभवी शिक्षकों का मार्गदर्शन, उद्योगों से सुदृढ़ सहभागिता, शोध एवं नवाचार आधारित शिक्षण प्रणाली तथा उत्कृष्ट प्लेसमेंट रिकॉर्ड ने विश्वविद्यालय को मध्य भारत की अग्रणी तकनीकी शिक्षण संस्थाओं की श्रेणी में स्थापित किया है।
उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय में इंजीनियरिंग एवं प्रौद्योगिकी, खनन अभियांत्रिकी, फार्मेसी, कृषि विज्ञान, प्रबंधन, पत्रकारिता एवं जनसंचार, विधि, शिक्षा, नर्सिंग, पैरामेडिकल, बेसिक साइंस, जैव प्रौद्योगिकी, कंप्यूटर साइंस, होटल मैनेजमेंट तथा मानविकी एवं सामाजिक विज्ञान जैसे विविध रोजगारपरक एवं शोध आधारित पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। विश्वविद्यालय उद्योगों की मांग के अनुरूप विद्यार्थियों को कौशल आधारित प्रशिक्षण, इंटर्नशिप, शोध अवसर एवं आधुनिक तकनीकी एक्सपोजर प्रदान कर उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के करियर हेतु तैयार कर रहा है।
प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट अधिकारी बालेंद्र विश्वकर्मा ने कहा कि ए.के.एस. विश्वविद्यालय की उत्कृष्ट शैक्षणिक गुणवत्ता, उद्योगोन्मुखी प्रशिक्षण एवं विद्यार्थियों की तकनीकी दक्षता के कारण देश की प्रतिष्ठित कंपनियों का विश्वास विश्वविद्यालय के प्रति निरंतर बढ़ता जा रहा है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय द्वारा विद्यार्थियों को आधुनिक औद्योगिक आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशिक्षण, व्यक्तित्व विकास, तकनीकी कौशल एवं व्यावहारिक ज्ञान प्रदान किया जा रहा है, जिसके सकारात्मक परिणाम लगातार प्लेसमेंट के रूप में सामने आ रहे हैं।
उन्होंने आगे कहा कि ए.के.एस. विश्वविद्यालय का उद्देश्य केवल रोजगार उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को उद्योगों के लिए पूर्णतः तैयार, आत्मविश्वासी एवं सक्षम प्रोफेशनल के रूप में विकसित करना है। यही कारण है कि राष्ट्रीय स्तर की कंपनियाँ विश्वविद्यालय में कैंपस ड्राइव आयोजित करने के लिए निरंतर रुचि दिखा रही हैं।
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर बालेंद्र विश्वकर्मा, प्रफुल्ल गौतम एवं मनोज सिंह ने चयनित विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।

About The Author

आज की ताजा खबरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[join_button]
WhatsApp