भवरखोल में कथित अवैध कब्जे को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश, सुशासन तिहार शिविर में की गई शिकायत !
1 min read

धरमजयगढ़ विकासखंड अंतर्गत ग्राम गवरघुटरी (भवरखोल) में सरकारी भूमि पर कथित अवैध कब्जे और निर्माण कार्य को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों ने खम्हार में आयोजित सुशासन तिहार शिविर में शिकायत प्रस्तुत कर मामले की जांच तथा तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

ग्रामीणों द्वारा दिए गए आवेदन में आरोप लगाया गया है कि लक्ष्मीपुर निवासी एक व्यक्ति द्वारा ग्राम भवरखोल में भूमि पर कब्जा कर मकान निर्माण कराया गया है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि जब भी उक्त कब्जे को लेकर सवाल उठाया जाता है, तब कब्जाधारी केंद्र सरकार द्वारा पूर्व में जारी एक पत्र का उल्लेख करते हुए उसे “आदेश” बताकर अपना पक्ष रखता है। ग्रामीणों के अनुसार संबंधित पत्र वास्तव में राज्य सरकारों को भूमि आवंटन संबंधी मामलों पर विचार करने हेतु किया गया एक अनुरोध मात्र है, न कि किसी भूमि पर सीधे कब्जा या स्वामित्व का अधिकार प्रदान करने वाला आदेश।

ग्रामीणों का आरोप है कि कथित कब्जे वाली भूमि पर मकान निर्माण के साथ बोर खनन भी कराया गया है। साथ ही घर के पिछले हिस्से में मुर्गी पालन (पोल्ट्री फार्म) व्यवसाय शुरू करने की तैयारी किए जाने की भी जानकारी सामने आई है। ग्रामीणों का कहना है कि उक्त व्यक्ति द्वारा किए जा रहे इस कब्जे से भविष्य में विवाद की स्थिति निर्मित हो सकती है।

शिकायत में राजस्व विभाग के स्थानीय कर्मचारियों, विशेषकर पटवारी की भूमिका की भी जांच किए जाने की मांग की गई है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि राजस्व अमले की मिलीभगत से निर्माण कार्य कराया गया। आवेदन में प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने तथा यदि कब्जा अवैध पाया जाए तो निर्माण हटाने की कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया है।
सुशासन तिहार शिविर में प्रस्तुत शिकायत में ग्रामीणों ने कहा कि समय रहते कार्रवाई नहीं होने पर क्षेत्र में तनाव और विवाद की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। इसलिए उन्होंने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
Subscribe to my channel