धरमजयगढ़ क्षेत्र से सामने आई एक दर्दनाक घटना ने अवैध रेत उत्खनन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मिली प्राथमिक जानकारी और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, नदी से रेत निकालने के दौरान एक युवक की जान चली गई। बताया जा रहा है कि वह ट्रैक्टर-ट्रॉली के जरिए रेत निकालने के काम में लगा हुआ था, तभी यह हादसा हुआ। घटनास्थल से सामने आई तस्वीरें इस हादसे की भयावहता को बयां कर रही हैं, जहां ट्रैक्टर और ट्रॉली के बीच दबने जैसी स्थिति दिखाई दे रही है। ताज़ा जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर धरमजयगढ़ के समीपस्थ ग्राम लक्ष्मीपुर का होने की आशंका जताई जा रही है , वहीं, मृतक को प्रेम नगर गांव का निवासी बताया जा रहा है। मिली जानकारी के अनुसार मृतक का नाम समय लाल माझी, पिता संतराम माझी बताया जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। सबसे गंभीर पहलू यह है कि घटना के बाद पूरे मामले को लेकर असामान्य चुप्पी देखी जा रही है। अब सवाल है कि क्या अवैध रेत उत्खनन की वजह से एक और जान चली गई? क्या साक्ष्यों को छुपाने का प्रयास किया गया? क्या घटना के बाद कुछ ऐसा किया गया कि सच्चाई सामने न आ सके? क्षेत्र में यह चर्चा भी है कि ट्रैक्टर किसी शासकीय शिक्षक से जुड़ा हो सकता है, हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। यह घटना न सिर्फ एक हादसा है, बल्कि अवैध खनन, लापरवाही और संभावित दबाव की परतों को उजागर करती है। अब देखना होगा कि प्रशासन कब तक इस मामले का संज्ञान लेकर निष्पक्ष जांच करता है और सच्चाई सामने लाता है।