कैमरा बनाम कागज़: कहाँ है हकीकत ?”
1 min read

धरमजयगढ़ में मांड नदी किनारे 29 अप्रैल 2026 को हुई युवक की मौत अब सीधे-सीधे एक मुकाबले में बदल चुकी है। एक तरफ कागज़ हैं संयमित, सुसंगत और पूरी तरह भरोसेमंद। दूसरी तरफ कैमरा है , बेखौफ, बेतकल्लुफ और शायद जरूरत से ज्यादा ईमानदार।
कागज़ अपनी जगह पूरी मजबूती से खड़े हैं और कह रहे हैं कि जो लिखा गया है वही हुआ है। वहीं कैमरा अपनी जिद पर अड़ा है कि जो दिख रहा है, वही सच है। अब परेशानी यह है कि दोनों में से कोई झुकने को तैयार नहीं है।
कैमरा भी बड़ी अजीब चीज निकला। उसे तो बस सामने जो आया, वह रिकॉर्ड कर लिया न यह सोचा कि रेत क्यों दिख रही है, न यह कि वहाँ पानी क्यों नहीं दिख रहा। उसे क्या पता कि हर सच दिखाना जरूरी नहीं होता, कुछ सच्चाइयाँ “लिखी” भी जाती हैं।
खैर, सुकून की बात यह है कि जिम्मेदार पूरे मामले को गंभीरता से देख रहे हैं और सच्चाई की तह तक पहुँचने का भरोसा बना हुआ है। उम्मीद की जानी चाहिए कि जल्द ही यह तय हो जाएगा कि इस मुकाबले में असली “सच” कौन है वह जो कैमरे में कैद है या वह जो कागज़ों में दर्ज है।
बाकी जो लोग ज्यादा सोच रहे हैं, उनके लिए सलाह यही है कि थोड़ा धैर्य रखें। क्योंकि अब समय बदल गया है ! पहले कहा जाता था कि “देखा वही सच”, अब शायद कहना पड़ेगा “लिखा वही सच”।
और कैमरे के लिए एक छोटी-सी सीख थोड़ा संभलकर रिकॉर्ड किया करो। हर चीज दिखा दोगे तो फिर कहीं तुम्हें ही गलत साबित ना कर दिया जाये !
Subscribe to my channel