सुदूर वनांचल में शिक्षा की मिसाल: हाई स्कूल बोजिया का 100% रिजल्ट, सभी विद्यार्थी प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण
1 min read
यह सिर्फ परीक्षा परिणाम नहीं, बल्कि समर्पण, सेवा और सच्ची शिक्षा की जीवंत मिसाल है”
रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ विकासखंड के सुदूर वनांचल क्षेत्र में स्थित हाई स्कूल बोजिया ने इस वर्ष बोर्ड परीक्षा में ऐतिहासिक सफलता हासिल करते हुए 100 प्रतिशत परिणाम दर्ज किया है। सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बीच पढ़ाई कर रहे यहां के विद्यार्थियों ने यह साबित कर दिया कि मजबूत इरादे और सही मार्गदर्शन के दम पर कोई भी लक्ष्य दूर नहीं होता।
विद्यालय के सभी 12 विद्यार्थी प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुए। इनमें कुमारी लावन्या महंत ने 600 में से 592 अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, वहीं देवराज चन्द्रा ने 579 अंक, कुमारी पूनम ने 560 अंक एवं रागिनी ने 548 अंक अर्जित कर विद्यालय का नाम रोशन किया।
इस सफलता के पीछे गणित व्याख्याता विजय कुमार चौधरी का समर्पण और सेवा भाव प्रमुख रूप से सामने आया है। वे शिक्षा को केवल नौकरी नहीं, बल्कि समाज सेवा का माध्यम मानते हैं। विद्यालय समय के बाद भी वे प्रतिदिन शाम 5 बजे से 8 बजे तक नवापारा छाल सहित आसपास के 8 से 10 गांवों के कक्षा 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को पंचायत भवन नवापारा में नि:शुल्क कोचिंग देते हैं।
चौधरी सर का योगदान सिर्फ पढ़ाने तक सीमित नहीं है। वे जरूरतमंद विद्यार्थियों के परीक्षा शुल्क, स्टेशनरी, ड्रेस जैसी आवश्यकताओं का खर्च भी स्वयं उठाते हैं। साथ ही, पिछले 10 वर्षों के मॉडल प्रश्नपत्र अपने खर्च पर उपलब्ध कराकर अतिरिक्त कक्षाओं के माध्यम से बच्चों को बेहतर तैयारी कराते हैं।
उनकी मेहनत का परिणाम यह भी रहा कि वर्ष 2025 में उनके नि:शुल्क कोचिंग केंद्र से 5 विद्यार्थियों का चयन प्रयास आवासीय विद्यालय में तथा 4 विद्यार्थियों का चयन एनएमएमएसई परीक्षा में हुआ।
इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर विद्यालय के प्राचार्य लक्ष्मण प्रसाद ताण्डेय, शाला परिवार और क्षेत्रवासियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे समर्पित शिक्षक ही समाज के असली निर्माता होते हैं।
“दीपक बनकर जो खुद जलता है, वही दूसरों को राह दिखाता है — चौधरी सर जैसे शिक्षक ही शिक्षा को सच्चा अर्थ देते हैं।”
हाई स्कूल बोजिया की यह सफलता न केवल विद्यालय, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणास्रोत बन गई है और यह संदेश देती है कि सच्ची लगन और नि:स्वार्थ सेवा से किसी भी परिस्थिति में उत्कृष्ट परिणाम संभव हैं।
Subscribe to my channel