अमित भंडारी हत्याकांड: 73 दिन बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं, समाज ने दी आंदोलन की चेतावनी! मूलमुला थाना पुलिस की कार्रवाई पर उठे सवाल, तीन दिन में गिरफ्तारी नहीं हुई तो एसपी कार्यालय घेराव की चेतावनी!
1 min read
जांजगीर-चांपा/पामगढ़, 08 सितंबर 2026। मूलमुला थाना क्षेत्र के ग्राम कोसा में 29 जून 2026 को हुई अमित कुमार भंडारी की हत्या के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से आक्रोश बढ़ता जा रहा है। सतनामी एवं सूर्यवंशी समाज पामगढ़ की ओर से अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) पामगढ़ को ज्ञापन सौंपकर हत्याकांड में शामिल आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की गई है।

ज्ञापन में बताया गया है कि 29 जून को ग्राम कोसा के अमहा तालाब के पास अमित कुमार भंडारी पर धारदार हथियार से सिर एवं छाती पर हमला किया गया था, जिसके बाद उसकी कुचलकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया गया है। इस मामले में मूलमुला थाने में अपराध क्रमांक 249/2026 के तहत अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया है।
समाज का आरोप है कि घटना को करीब 73 दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस अब तक किसी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। ज्ञापन में यह भी दावा किया गया है कि पुलिस द्वारा घटनास्थल से मिले साक्ष्यों की जांच की गई और मृतक के चप्पल को सूंघाकर ट्रैकिंग कराए जाने के बाद पुलिस मृतक की प्रेमिका के घर तक पहुंची थी। वहां पीछे की दीवार पर खून के छींटे मिलने तथा उसे पुलिस द्वारा जब्त किए जाने का भी उल्लेख ज्ञापन में किया गया है।
ज्ञापन सौंपने वालों ने आरोप लगाया कि इन परिस्थितियों के बावजूद अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की गई है, जिससे समाज में भारी आक्रोश है। उन्होंने पुलिस से निष्पक्ष जांच करते हुए हत्याकांड में शामिल सभी आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग की है।
तीन दिन का अल्टीमेटम, गिरफ्तारी नहीं हुई तो एसपी कार्यालय घेराव
ज्ञापन में स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि यदि तीन दिवस के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की गई, तो समाज आंदोलन के लिए बाध्य होगा। इसके तहत पुलिस अधीक्षक कार्यालय, जिला जांजगीर-चांपा का घेराव करने की चेतावनी दी गई है।
समाज ने कहा कि मृतक भी देश का नागरिक था और उसके लिए भी कानून समान होना चाहिए। ज्ञापन की प्रतिलिपि कलेक्टर जांजगीर-चांपा, पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा और पुलिस संभाग अध्यक्ष बिलासपुर को भी सूचनाार्थ दी गई है।
Subscribe to my channel