स्कूली बच्चों की सुरक्षा पर सख्ती: चांपा में 21 बसों की जांच, 5 पर 25 हजार का चालान!
1 min read
जांजगीर-चांपा, 28 अक्टूबर 2026। स्कूली बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने और सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के उद्देश्य से जांजगीर-चांपा पुलिस तथा जिला परिवहन विभाग ने संयुक्त रूप से बड़ा चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय आईपीएस के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात श्री उदयन बेहार के नेतृत्व में यातायात पुलिस ने चांपा स्थित हसदेव पब्लिक स्कूल और सरस्वती स्कूल में स्कूली बसों की सघन जांच की।
अभियान के दौरान कुल 21 स्कूली बसों की माननीय सर्वोच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप जांच की गई। इनमें से 5 बसों में फिटनेस संबंधी गंभीर खामियां पाई गईं। जिला परिवहन विभाग ने इन वाहनों के खिलाफ कुल 25,000 रुपये का चालान काटा।
जांच के दौरान बस चालकों और संचालकों को सख्त निर्देश दिए गए कि वे वाहनों की फिटनेस हमेशा दुरुस्त रखें, सुरक्षा मानकों का पूरा पालन करें और बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करें। साथ ही नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने से रोकने और यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने के संबंध में भी जागरूक किया गया।
पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जांजगीर-चांपा पुलिस की अपील है कि अभिभावक और स्कूल प्रबंधन भी बच्चों की सुरक्षा को सर्वोपरि रखें। यह संयुक्त चेकिंग अभियान जिले के सभी स्कूलों में लगातार जारी रहेगा।
Subscribe to my channel