कोतमा में आम रास्ते पर अतिक्रमण का आरोप, 6 से 8 परिवारों की बढ़ी परेशानी
1 min read
वार्ड क्रमांक 02 में निर्माण कार्य को लेकर विवाद, सीएमओ को शिकायत सौंपकर अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग ।
यशपाल जाट अनुपपुर
कोतमा
कोतमा, अनूपपुर। नगर पालिका परिषद कोतमा के वार्ड क्रमांक 02 में आम रास्ते पर कथित अतिक्रमण कर भवन निर्माण किए जाने का मामला सामने आया है। स्थानीय रहवासियों ने प्रदीप सोनी, उनकी पत्नी उमा सोनी एवं पुत्र शुभम सोनी पर सार्वजनिक आवागमन के लिए बनी सड़क की लगभग डेढ़ फीट जगह पर कब्जा कर निर्माण कार्य कराए जाने का आरोप लगाया है। इस संबंध में 4 नवंबर 2026 को नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी को लिखित शिकायत सौंपकर मामले में हस्तक्षेप करने और रास्ते को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की गई है।शिकायतकर्ताओं के अनुसार, संबंधित परिवार द्वारा अपने भवन का नव निर्माण कराया जा रहा है। आरोप है कि इस निर्माण के दौरान आम रास्ते की लगभग डेढ़ फीट जमीन को निर्माण क्षेत्र में शामिल कर लिया गया है, जिससे पहले से सीमित सड़क और संकरी होने की आशंका है। विरोध करने पर संबंधित पक्ष द्वारा जमीन को अपने कब्जे की बताते हुए पूर्व से भवन निर्माण होने और उसी आधार पर अतिरिक्त निर्माण कराने की बात कही जा रही है।स्थानीय रहवासियों का कहना है कि संबंधित भवन के पीछे लगभग 6 से 8 परिवार निवास करते हैं। इन सभी परिवारों के आने-जाने के लिए यही एकमात्र रास्ता है। इसी मार्ग से लोगों का प्रतिदिन आवागमन होता है तथा घरेलू सामान लाने-ले जाने में भी इसी सड़क का उपयोग किया जाता है। यदि रास्ते की चौड़ाई और कम हो जाती है तो इन परिवारों के सामने गंभीर परेशानी खड़ी हो सकती है। आसपास तालाब और विद्यालय होने के कारण बच्चों एवं अन्य राहगीरों की आवाजाही को लेकर भी चिंता जताई गई है।शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि मोहल्ले के लोगों ने संबंधित परिवार को पूर्व निर्माण के दायरे में ही भवन निर्माण कराने की समझाइश दी थी, लेकिन कथित तौर पर उनकी बात को नजरअंदाज किया गया। इसके बाद रहवासियों ने नगर पालिका प्रशासन से लिखित शिकायत कर हस्तक्षेप की मांग की है।अब सवाल नगर पालिका प्रशासन की कार्रवाई परमामले में सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि आम रास्ते की भूमि पर अतिक्रमण किया जा रहा है, तो नगर पालिका के जिम्मेदार अधिकारी मौके पर पहुंचकर सीमांकन और स्थल निरीक्षण क्यों नहीं करा रहे हैं? क्या संबंधित निर्माण स्वीकृत नक्शे के अनुरूप हो रहा है? क्या सड़क की वास्तविक चौड़ाई और भूमि का राजस्व अभिलेखों के आधार पर सत्यापन कराया जाएगा?स्थानीय रहवासियों ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी से निष्पक्ष जांच कराकर कथित अतिक्रमण हटाने और आम रास्ते को पूर्ववत सुरक्षित रखने की मांग की है। अब देखना होगा कि नगर पालिका प्रशासन इस शिकायत को कितनी गंभीरता से लेता है और प्रभावित परिवारों को राहत दिलाने के लिए क्या कदम उठाता है।यशपाल जाट | अनूपपुर
Subscribe to my channel