हर बच्चे को शिक्षा, हर बच्चे को न्याय: बाल दिवस पर विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन!
1 min read
जांजगीर-चांपा/अकलतरा। बाल दिवस के अवसर पर बच्चों को उनके अधिकारों, सुरक्षा कानूनों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से 14 नवंबर 2026 को भगत सिंह पब्लिक स्कूल, अकलतरा में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जांजगीर के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में न्यायिक मजिस्ट्रेट एवं अध्यक्ष, तालुका विधिक सेवा समिति अकलतरा श्रीमती शिवानी सिंह उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता पंकज भारती ने की। शिविर का शुभारंभ मां सरस्वती के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया।

मुख्य अतिथि न्यायिक मजिस्ट्रेट श्रीमती शिवानी सिंह ने विद्यार्थियों को बाल दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं और प्रत्येक बच्चे को सुरक्षित, सम्मानजनक एवं भयमुक्त वातावरण में जीवन जीने का अधिकार है। उन्होंने बच्चों को सरल भाषा में पॉक्सो एक्ट, शिक्षा का अधिकार अधिनियम, गुड टच-बैड टच, साइबर अपराध तथा मोबाइल के सदुपयोग सहित विभिन्न महत्वपूर्ण कानूनी जानकारियां दीं। साथ ही बच्चों को नैतिक शिक्षा, अच्छे संस्कार और अपने कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने की सीख दी।

कार्यक्रम को पंकज भारती एवं विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती रुचिका तिवारी ने भी संबोधित किया। उन्होंने बच्चों को शिक्षा के महत्व और जीवन में अनुशासन एवं अच्छे संस्कारों की भूमिका के बारे में बताया।
इस अवसर पर विद्यालय के डायरेक्टर श्रीपाल सिंह बैरू, पीएलवी गजानंद प्रसाद कश्यप, पीएलवी डालेश्वर प्रसाद पटेल, शिक्षकगण, विद्यार्थी एवं उनके अभिभावक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मंच संचालन कुमारी गणेशिया केंवट मैम ने किया।
बाल दिवस के इस विशेष अवसर पर विद्यालय परिसर में आनंद मेले का भी आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विधिक जागरूकता शिविर के माध्यम से विद्यार्थियों को अपने अधिकारों की जानकारी प्राप्त करने के साथ-साथ सुरक्षित एवं जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया गया।
Subscribe to my channel