खाट पर अस्पताल ले जाते समय गर्भवती कोरवा महिला की मौत, बिना पोस्टमार्टम के हुआ अंतिम संस्कार !
1 min read

धरमजयगढ़ के दूरस्थ इलाके में स्वास्थ्य सुविधाओं की पोल खुली
धरमजयगढ़ – रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ वन परिक्षेत्र से एक बेहद संवेदनशील और स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े करने वाली बड़ी खबर सामने आई है। सुदूर वनांचल में बसे छुही पहाड़ गांव में रहने वाली विशेष पिछड़ी जनजाति कोरवा समुदाय की एक 23 वर्षीय महिला ने सही समय पर इलाज और सुविधाजनक सड़क न मिलने के कारण दम तोड़ दिया।
रास्ते में ही थमी सांसें !
स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक महिला की पहचान बसंती (23 वर्ष), पति रामू कोरवा के रूप में हुई है। बीते शुक्रवार को महिला की तबीयत अचानक बिगड़ गई। गांव तक पक्की सड़क या एंबुलेंस पहुंचने की सुविधा न होने के कारण, परिजनों और ग्रामीणों ने उसे खाट (चारपाई) पर लिटाया और पैदल ही अस्पताल के लिए रवाना हुए। लेकिन कठिन और पथरीले रास्ते के कारण अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में महिला की दर्दनाक मौत हो गई।
बिना कागजी कार्रवाई और पोस्टमार्टम के दफनाया गया शव ?
महिला की मौत के बाद मामले में एक और बड़ी लापरवाही सामने आई है। जानकारी के अनुसार बिना किसी कानूनी या चिकित्सकीय प्रक्रिया का पालन किए, और बिना पुलिस को सूचना दिए मृतक महिला के शव का कफ़न-दफ़न (अंतिम संस्कार) भी कर दिया गया। नियमतः इस तरह की परिस्थितियों में मौत होने पर पोस्टमार्टम और मर्ग कायम करने की प्रक्रिया अपनाई जानी चाहिए थी, लेकिन ऐसा नहीं किया गया।
ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर को भनक तक नहीं !
इस पूरे मामले में स्वास्थ्य विभाग और प्रशासनिक सजगता पर सबसे बड़ा सवालिया निशान तब लगा, जब धरमजयगढ़ के ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर (BMO) से इस संबंध में बात की गई। बीएमओ ने फोन पर साफ तौर पर कहा कि उन्हें इस घटना की कोई भी जानकारी नहीं मिली है।
यह घटना दर्शाती है कि दावों के विपरीत आज भी वनांचल और दूरस्थ इलाकों में रहने वाले आदिवासी समुदाय बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाओं और पक्की सड़कों के लिए तरस रहे हैं, जिसके कारण उन्हें अपनी जान गंवानी पड़ रही है।
Subscribe to my channel