October 3, 2026

Udghosh Samay News

खबर जहां हम वहां

धरमजयगढ़ में करोड़ों के विकास कार्यों की बौछार, वार्डों से लेकर पार्क और सड़कों तक बदलेगी तस्वीर !

1 min read
Spread the love


सीसी सड़क, आरसीसी नाली, पाइप लाइन, गौरव पथ, बीटी टॉपिंग से लेकर नेहरू उद्यान और स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स तक के काम शामिल

धरमजयगढ़ – नगर पंचायत धरमजयगढ़ में आने वाले दिनों में विकास कार्यों की बड़ी श्रृंखला नजर आने वाली है। नगर को स्वच्छ, सुंदर और बेहतर नागरिक सुविधाओं से लैस करने के उद्देश्य से विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्यों की करोड़ों रुपये की निविदाएं जारी होने के बाद अब इनके धरातल पर उतरने की प्रक्रिया तेज होती दिखाई दे रही है। नगर के अलग-अलग वार्डों में सीसी सड़क, आरसीसी नाली और पाइप लाइन विस्तार से लेकर बीटी टॉपिंग, गौरव पथ, मुक्तिधाम, आंगनबाड़ी भवन, कचरा प्रबंधन एवं रिसाइक्लिंग केंद्र के आधुनिकीकरण, नेहरू उद्यान के उन्नयन तथा दीप नगर में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स जैसे महत्वपूर्ण कार्य प्रस्तावित हैं।

जानकारी के अनुसार इन विकास कार्यों में अधिकांश कार्य अनुमानित लागत से कम दरों पर स्वीकृत हुए हैं। वहीं बहुचर्चित गौरव पथ और बीटी टॉपिंग के कार्य अनुमानित लागत से अधिक दरों पर लिए जाने की जानकारी सामने आई है। इससे नगर में इन कार्यों की निविदा दरों को लेकर भी चर्चा बनी हुई है। हालांकि अंतिम स्थिति संबंधित विभागीय स्वीकृति, अनुबंध एवं कार्यादेश के अभिलेखों से ही स्पष्ट होगी।
बताया जा रहा है कि इन विभिन्न विकास कार्यों की जिम्मेदारी अभिषेक पालीवाल, हैप्पी अग्रवाल, विजेंद्र प्रताप सिंह, राजकुमार मिश्रा, मोहम्मद अमान अली, विवेक कुमार पाण्डेय, धीरेन्द्र मिश्रा, अंकित श्रीवास और बजरंग लाल अग्रवाल सहित विभिन्न ठेकेदारों को मिली है।
किसे मिला कौन-सा काम ?

उपलब्ध जानकारी के अनुसार नगर के बहुचर्चित गौरव पथ निर्माण कार्य का ठेका विजेंद्र प्रताप सिंह को मिला है। उन्होंने यह कार्य अनुमानित लागत से लगभग 7.7 प्रतिशत अधिक दर पर लिया है।
इसी तरह नगर में बीटी टॉपिंग कार्य का ठेका हैप्पी अग्रवाल को मिला है। उनकी बोली अनुमानित लागत से लगभग 15 प्रतिशत अधिक रही।
नगर के वार्ड क्रमांक 01 और 03 सहित संबंधित क्षेत्रों में लगभग 39.2 लाख रुपये की लागत वाले पाइप लाइन विस्तार कार्य की जिम्मेदारी धीरेन्द्र मिश्रा को मिली है। बताया गया है कि यह कार्य अनुमानित लागत से लगभग 23 प्रतिशत कम दर पर लिया गया है।
वहीं वार्ड क्रमांक 01, 09, 10 एवं 14 में पाइप लाइन विस्तार कार्य का जिम्मा बजरंग लाल अग्रवाल को मिला है। यह कार्य अनुमानित लागत से लगभग 24 प्रतिशत कम दर पर लिया गया है।
वार्ड क्रमांक 01 से 08 तक के जोनल कार्य का ठेका मोहम्मद अमान अली को लगभग 18 प्रतिशत कम दर पर मिला है, जबकि वार्ड क्रमांक 09 से 15 तक के जोनल कार्य की जिम्मेदारी विवेक कुमार पाण्डेय को मिली है, जिन्होंने लगभग 16 प्रतिशत कम दर पर बोली लगाई है।
वार्ड क्रमांक 03, 05 एवं 07 में लगभग 18.5 लाख रुपये की लागत से सीसी सड़क निर्माण का कार्य बजरंग लाल अग्रवाल को लगभग 16 प्रतिशत कम दर पर मिला है।
इसी प्रकार विनोद अग्रवाल के घर से गोकुल यादव के घर तक सीसी सड़क निर्माण का कार्य भी बजरंग लाल अग्रवाल को लगभग 23 प्रतिशत कम दर पर मिला है।
वार्ड क्रमांक 14 एवं 15 सहित संबंधित क्षेत्रों में लगभग 15.4 लाख रुपये की लागत वाले सीसी सड़क निर्माण कार्य को भी बजरंग लाल अग्रवाल ने लगभग 20 प्रतिशत कम दर पर प्राप्त किया है।
वार्ड क्रमांक 05, 06, 07, 12 एवं 13 में सीसी सड़क एवं आरसीसी नाली निर्माण का लगभग 17 लाख रुपये का कार्य विवेक कुमार पाण्डेय को लगभग 15 प्रतिशत कम दर पर मिला है।
वहीं वार्ड क्रमांक 01, 02, 05 एवं 06 में लगभग 20 लाख रुपये की लागत से आरसीसी ड्रेन निर्माण का कार्य बजरंग लाल अग्रवाल को लगभग 13 प्रतिशत कम दर पर मिला है।
नगर के विभिन्न वार्डों में लगभग 36.9 लाख रुपये की लागत वाले अन्य विकास कार्य का ठेका अंकित श्रीवास को लगभग 13 प्रतिशत कम दर पर मिलने की जानकारी है।
इसके अलावा नगर के लिए महत्वपूर्ण कचरा प्रबंधन एवं रिसाइक्लिंग केंद्र के आधुनिकीकरण तथा मशीनरी स्थापना का लगभग 32 लाख रुपये का कार्य राजकुमार मिश्रा को मिला है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार यह कार्य अनुमानित लागत से लगभग 27 प्रतिशत कम दर पर स्वीकृत हुआ है।
काम की रफ्तार और गुणवत्ता पर रहेगी नजर
नगर पंचायत क्षेत्र में एक साथ इतने बड़े पैमाने पर विकास कार्य शुरू होने से नागरिकों को सड़क, नाली, पेयजल, स्वच्छता, मनोरंजन और खेल जैसी सुविधाओं में सुधार की उम्मीद है। खासकर गौरव पथ, नेहरू उद्यान, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, पाइप लाइन विस्तार और कचरा प्रबंधन केंद्र जैसे कार्य नगर के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं।
अब इन निविदाओं के बाद वास्तविक चुनौती कार्यों को समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराने की होगी। कम दर पर लिए गए कार्यों में निर्माण सामग्री और गुणवत्ता के मानकों का पालन कितना होता है तथा अधिक दर पर स्वीकृत हुए कार्यों में निर्धारित मापदंडों के अनुरूप काम होता है या नहीं, इस पर भी नगरवासियों की नजर रहेगी।
नगर के नागरिक अब यह देखने को उत्सुक हैं कि निविदा और कागजी प्रक्रिया से आगे बढ़कर ये विकास कार्य कब धरातल पर उतरते हैं, कितनी गति से पूरे होते हैं और उनकी गुणवत्ता कैसी रहती है।
नगर पंचायत से जुड़ी कुछ अन्य महत्वपूर्ण निविदाओं, स्वीकृत दरों और संबंधित ठेकेदारों की विस्तृत जानकारी भी जल्द सामने लाई जाएगी।

अस्वीकरण: प्रस्तुत समाचार में उल्लेखित निविदाओं, कार्यों, ठेकेदारों, बोली दरों एवं अन्य विवरणों की जानकारी सूत्रों से प्राप्त जानकारी के आधार पर प्रकाशित की जा रही है। समाचार पत्र/समाचार माध्यम इन जानकारियों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है। संबंधित विभागीय अभिलेख, निविदा दस्तावेज एवं आधिकारिक स्वीकृति ही इन तथ्यों की अंतिम पुष्टि का आधार होंगे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[join_button]
WhatsApp