कलेक्टर ने ली साप्ताहिक समय-सीमा बैठक, बाढ़ की कोई स्थिति नहीं, नदियों के जल स्तर की सतत निगरानी व आवश्यक तैयारी बनाए रखने के दिए निर्देश
1 min read
जांजगीर-चांपा, 18 अगस्त 2026। कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक लेकर जिले में संचालित विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को आमजन से जुड़े मामलों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर ने जिले की नदियों के जल स्तर तथा मिनीमाता हसदेव बांगो परियोजना से छोड़े जा रहे पानी की स्थिति की विस्तार से जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि परियोजना के रेडियल गेटों से 40,484 क्यूसेक तथा प्लांट हाइडल से 9,000 क्यूसेक पानी छोड़ने के कारण हसदेव नदी में कुल 49,484 क्यूसेक पानी प्रवाहित हो रहा है। पानी की आवक ज्यादा होने से बांध के गेट खोले गए थे, किंतु वर्तमान में आवक में कमी आई है। तटीय इलाकों में जल स्तर बढ़ा हुआ है, परंतु जिले में बाढ़ या खतरे जैसी कोई स्थिति नहीं है। जल स्तर पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नदी-नालों के जल स्तर एवं प्रवाह पर सतत निगरानी रखें तथा संभावित परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करें। उन्होंने एनीकट, पुल-पुलिया जैसे स्थानों पर सुरक्षा के उपाय करने, आम नागरिकों के आवागमन को रोकने तथा लोगों को सावधानी बरतने के लिए जागरूक करने को कहा। कलेक्टर ने जिलेवासियों से अपील की कि नदी, नाले, एनीकट एवं पुल-पुलिया के ऊपर से पानी बहने की स्थिति में उन्हें पार करने का प्रयास न करें। उन्होंने अफवाहों पर ध्यान न देने तथा जल स्तर संबंधी अधिकृत जानकारी पर ही विश्वास करने की भी अपील की।
पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने पात्र हितग्राहियों को योजना का अधिकतम लाभ दिलाने, लंबित आवेदनों का समयबद्ध निराकरण करने तथा सोलर रूफटॉप संयंत्र स्थापना की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने व्यापक जागरूकता अभियान चलाने तथा हितग्राहियों को आवेदन से लेकर स्थापना व अनुदान तक मार्गदर्शन उपलब्ध कराने को कहा।
बारिश के दौरान सड़कों पर गड्ढों को चिह्नांकित कर नियमित भराव कराने तथा आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न होने देने के निर्देश भी दिए गए। नगरीय निकायों के सीएमओ एवं जनपद पंचायतों के सीईओ को सेग्रीगेशन शेड, डम्पिंग स्थल एवं कचरा प्रबंधन व्यवस्था दुरुस्त रखने के विशेष निर्देश दिए। घरों से एकत्रित कचरे का उचित पृथक्करण (गीला-सूखा) सुनिश्चित करने, अनियमित डम्पिंग रोकने तथा नियमित सफाई-संग्रहण-निस्तारण की प्रभावी व्यवस्था बनाए रखने को कहा गया। लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदारी तय करने के निर्देश भी दिए गए।
कलेक्टर ने समय-सीमा के लंबित प्रकरणों का निर्धारित अवधि में निराकरण करने तथा शासन की योजनाओं का पात्र हितग्राहियों को शत-प्रतिशत लाभ दिलाने के निर्देश दिए। बैठक में ई-ऑफिस, पीएम आवास योजना, आयुष्मान सहित अन्य विभागीय योजनाओं तथा पंचायत, शिक्षा, विद्युत, खाद्य, सहकारिता, नगरीय प्रशासन, महिला एवं बाल विकास, पशु चिकित्सा आदि विभागों के कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री विनय कुमार पोयाम, अपर कलेक्टर श्री ज्ञानेन्द्र सिंह ठाकुर, अपर कलेक्टर श्री आर.के. तम्बोली, अपर कलेक्टर श्रीमती स्निग्धा तिवारी, संयुक्त कलेक्टर श्री संदीप सिंह ठाकुर सहित जिला स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
Subscribe to my channel