August 10, 2026

Udghosh Samay News

खबर जहां हम वहां

विश्व आदिवासी दिवस पर ग्राम पंचायत लोहर्सी में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित

1 min read
Spread the love

जांजगीर-चांपा, 10 अगस्त 2026। माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जांजगीर-चांपा के निर्देशानुसार तथा माननीय अध्यक्ष तालुका विधिक सेवा समिति नवागढ़ के मार्गदर्शन में आज दिनांक 09 अगस्त 2026 को विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर ग्राम पंचायत लोहर्सी में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर में उपस्थित ग्रामीणों को विश्व आदिवासी दिवस मनाने के उद्देश्य एवं महत्व से अवगत कराया गया। पैरा लीगल वॉलंटियर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने नालसा (आदिवासियों के अधिकारों का संरक्षण और प्रवर्तन के लिए विधिक सेवाएँ) योजना, 2015 के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि योजना का मुख्य लक्ष्य भारत में जनजातीय समुदायों तक न्याय की पहुँच सुनिश्चित करना है। योजना के अंतर्गत अधिकारों, लाभों, विधिक सहायता एवं अन्य विधिक सेवाओं तक पहुँच को सुगम बनाया जाता है, ताकि संविधान द्वारा प्रदत्त सामाजिक, आर्थिक एवं राजनैतिक न्याय का सार्थक अनुभव जनजातीय समुदाय भी कर सकें।

शिविर में अनुसूचित जनजाति और अन्य परंपरागत वन निवासी (वन अधिकारों की मान्यता) अधिनियम, 2006, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम, 1989 तथा निःशुल्क और अनिवार्य बाल शिक्षा (आरटीई) अधिनियम सहित जनजातियों को प्रदत्त विधिक अधिकारों की जानकारी दी गई। केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा उनके अधिकारों के संरक्षण हेतु बनाए गए प्रावधानों के साथ जागृति इकाई, डॉन तथा आशा साथी अभियान योजनाओं के बारे में भी अवगत कराया गया।

इसके अतिरिक्त नालसा की विभिन्न योजनाओं, निःशुल्क विधिक सहायता की पात्रता, लीगल एड डिफेंस काउंसिल तथा नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100 की जानकारी प्रदान की गई। आगामी 12 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली नेशनल लोक अदालत के संबंध में भी लोगों को निःशुल्क जानकारी दी गई।

शिविर से कुल 200 लोग लाभान्वित हुए।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[join_button]
WhatsApp