हितग्राहियों के हक की लड़ाई में आगे आए पार्षद मोहम्मद हुसैन, जाति प्रमाण पत्र के आदेश तत्काल उपलब्ध कराने की उठाई मांगसंभाग ब्यूरो दुर्गा गुप्ता
1 min read


मनेंद्रगढ़। नगर पालिका परिषद मनेंद्रगढ़ के वार्ड क्रमांक 6 के पार्षद मोहम्मद हुसैन ने परिषद की बैठकों में स्वीकृत जाति प्रमाण पत्रों के आदेश हितग्राहियों को उपलब्ध नहीं कराए जाने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया है। इस संबंध में उन्होंने मुख्य नगरपालिका अधिकारी को लिखित आवेदन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
पार्षद मोहम्मद हुसैन ने अपने आवेदन में कहा है कि परिषद की बैठकों में जिन हितग्राहियों के जाति प्रमाण पत्र संबंधी प्रस्ताव एवं आदेश स्वीकृत किए जा चुके हैं, उनकी प्रतिलिपियां अब तक संबंधित लोगों को उपलब्ध नहीं कराई गई हैं। आदेश की प्रति नहीं मिलने से हितग्राही विभिन्न शासकीय कार्यों और योजनाओं का लाभ लेने से वंचित हो रहे हैं तथा उन्हें अनावश्यक कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
उन्होंने मुख्य नगरपालिका अधिकारी से मांग की है कि परिषद द्वारा स्वीकृत सभी जाति प्रमाण पत्रों के आदेशों की प्रतिलिपियां शीघ्र संबंधित हितग्राहियों को उपलब्ध कराई जाएं, ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पार्षद मोहम्मद हुसैन ने आम नागरिकों की समस्या को गंभीरता से उठाकर जरूरतमंद हितग्राहियों के हितों की रक्षा का प्रयास किया है। अब लोगों की निगाहें नगर पालिका प्रशासन पर टिकी हैं कि वह इस मांग पर कितनी जल्दी अमल करता है।
Subscribe to my channel