नवप्रवेशी बच्चों के स्वागत से गूंजा सिसरिंगा, शाला प्रवेश उत्सव में शिक्षा का दिया गया संदेश !
1 min read

धरमजयगढ़ विकासखंड के सेजेस सिसरिंगा परिसर में आयोजित विकासखंड स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव शिक्षा, उत्साह और प्रेरणा का संगम बन गया। विद्यालय परिसर में उस समय विशेष उत्साह का माहौल देखने को मिला जब नवप्रवेशी बच्चों का तिलक लगाकर, मिठाई खिलाकर और पाठ्यपुस्तकें व गणवेश प्रदान कर आत्मीय स्वागत किया गया।

समारोह में रायगढ़ सांसद राधेश्याम राठिया ने मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता की। उनके साथ जनप्रतिनिधियों, शिक्षा विभाग के अधिकारियों तथा क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को गरिमामय बना दिया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना से हुई, जिसके बाद अतिथियों का स्वागत किया गया।
उत्सव के दौरान कक्षा नवमी की छात्राओं को सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत निःशुल्क साइकिलें वितरित की गईं। वहीं विभिन्न योजनाओं के लाभार्थी विद्यार्थियों को आवश्यक शैक्षणिक सामग्री भी प्रदान की गई। कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण प्रयास विद्यालय एवं राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा (एनएमएमएसई) में चयनित विद्यार्थियों का सम्मान रहा। प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र देकर उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की गई।

अपने उद्बोधन में सांसद राधेश्याम राठिया ने कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है जो समाज और राष्ट्र को नई दिशा प्रदान करती है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा विद्यार्थियों से पूरे मनोयोग से अध्ययन करने का आह्वान किया।
विकासखंड शिक्षा अधिकारी एस.आर. सिदार ने शासन की विभिन्न शैक्षणिक योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में शिक्षा विभाग के अधिकारियों, संकुल समन्वयकों, शिक्षकों तथा विद्यालय परिवार की सक्रिय भूमिका रही। पूरे आयोजन ने यह संदेश दिया कि जब समाज, जनप्रतिनिधि और शिक्षा विभाग एक मंच पर आते हैं तो शिक्षा का उत्सव जनआंदोलन का रूप ले लेता है।
नन्हे कदमों के विद्यालय की ओर बढ़ने के साथ ही सिसरिंगा से शिक्षा, संस्कार और उज्ज्वल भविष्य का संदेश पूरे विकासखंड में गूंजता नजर आया।
Subscribe to my channel