शिक्षा की नई शुरुआत का उत्सव: सिसरिंगा में धूमधाम से मनाया गया विकासखंड स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव !
1 min read
धरमजयगढ़ विकासखंड के सेजेस सिसरिंगा में विकासखंड स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव उत्साह, उल्लास और प्रेरणादायी माहौल के बीच संपन्न हुआ। कार्यक्रम में रायगढ़ लोकसभा क्षेत्र के सांसद राधेश्याम राठिया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद पंचायत अध्यक्ष लीनव बिरजू राठिया ने की।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इसके पश्चात अतिथियों का पारंपरिक स्वागत बैज एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर किया गया। शाला प्रवेश उत्सव के दौरान नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं का तिलक लगाकर स्वागत किया गया तथा उन्हें पाठ्यपुस्तकें, गणवेश एवं मिष्ठान वितरित किए गए। वहीं कक्षा नवमी की छात्राओं को सरस्वती साइकिल योजना के तहत निःशुल्क साइकिलें प्रदान की गईं।

अपने संबोधन में सांसद राधेश्याम राठिया ने शिक्षा को जीवन की सबसे बड़ी शक्ति बताते हुए विद्यार्थियों को नियमित रूप से विद्यालय आने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है।
कार्यक्रम में विकासखंड शिक्षा अधिकारी एस.आर. सिदार ने शिक्षा विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं और विद्यार्थियों को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी दी। इस अवसर पर प्रयास विद्यालय एवं एनएमएमएसई परीक्षा में चयनित प्रतिभावान विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया, जिससे अन्य विद्यार्थियों को भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरणा मिली।
समारोह में जिला पंचायत सदस्य पुनेश्वर राठिया, प्रदेश किसान मोर्चा के संयोजक टीकाराम पटेल, भाजपा जिला उपाध्यक्ष गोकुल नारायण यादव, जनपद सदस्य देवंती राठिया, जनक राठिया, दशरथ राम राठिया, भरत लाल साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में नोडल प्राचार्य रमेश कुमार पुरोहित, बीआरसीसी मनोज कुमार साहू, लेखापाल रंजू यादव, विभिन्न संकुलों के शैक्षिक समन्वयकों तथा शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मंच संचालन आशीष कुमार बिश्वास, सुशील राठिया एवं लोकनाथ प्रधान ने किया, जबकि अंत में आभार प्रदर्शन मनोज कुमार साहू द्वारा किया गया।
शाला प्रवेश उत्सव ने न केवल नए शैक्षणिक सत्र का स्वागत किया, बल्कि शिक्षा के प्रति समाज और प्रशासन की साझा प्रतिबद्धता को भी मजबूती से प्रदर्शित किया।
Subscribe to my channel