एकेएस विश्वविद्यालय का ‘कैंपस टू कॉर्पोरेट’ अभियान: उद्योग जगत की अपेक्षाओं के अनुरूप तैयार होंगे विद्यार्थी
1 min read
सतना। नैक एक्रेडिटेड एवं यूजीसी से मान्यता प्राप्त एकेएस विश्वविद्यालय ने विद्यार्थियों को रोजगारोन्मुख, कौशल-सम्पन्न और वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए ‘कैंपस टू कॉर्पोरेट’ कार्यक्रम का आयोजन किया। विंध्य अंचल के अग्रणी उच्च शिक्षण संस्थान के रूप में स्थापित विश्वविद्यालय ने उद्योग और शिक्षा के मध्य की खाई को पाटने के लिए एक व्यापक कार्ययोजना प्रस्तुत की।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण उद्योग विशेषज्ञों के साथ आयोजित विशेष पैनल चर्चा रही, जिसमें टीसीआई ग्लोबल (टीसीआई लिमिटेड) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं ग्रुप एचआर एंड एडमिन प्रमुख श्री प्रमोद कुमार जैन ने मुख्य वक्ता के रूप में विद्यार्थियों को संबोधित किया।

उन्होंने कहा कि वर्तमान कॉर्पोरेट जगत केवल डिग्रीधारी युवाओं की नहीं, बल्कि नेतृत्व क्षमता, संप्रेषण कौशल, समस्या-समाधान दक्षता, नवाचार और व्यावहारिक अनुभव रखने वाले पेशेवरों की अपेक्षा करता है। उन्होंने विद्यार्थियों को बदलते औद्योगिक परिवेश के अनुरूप स्वयं को निरंतर विकसित करने की प्रेरणा दी।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के प्रो-वाइस चांसलर (डेवलपमेंट) डॉ. हर्षवर्धन श्रीवास्तव ने कहा कि नई शिक्षा व्यवस्था का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल ज्ञान प्रदान करना नहीं, बल्कि उन्हें उद्योगों की वास्तविक आवश्यकताओं के अनुरूप दक्ष बनाना है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का प्रयास है कि प्रत्येक विद्यार्थी अध्ययन पूर्ण करने से पूर्व आवश्यक तकनीकी, व्यावसायिक एवं व्यवहारिक कौशल अर्जित कर रोजगार और उद्यमिता के लिए पूर्णतः तैयार हो।
विश्वविद्यालय द्वारा प्रस्तुत नई रणनीति के अंतर्गत पाठ्यक्रमों को उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप अद्यतन किया जाएगा। विद्यार्थियों में डिजिटल दक्षता, विश्लेषणात्मक सोच, नवाचार, उद्यमिता और व्यावहारिक ज्ञान विकसित करने के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे। साथ ही उद्योग जगत के वरिष्ठ विशेषज्ञ नियमित रूप से विश्वविद्यालय में व्याख्यान देंगे तथा संकाय सदस्य भी औद्योगिक प्रतिष्ठानों से जुड़कर नवीनतम तकनीकों एवं कार्यप्रणालियों का अनुभव प्राप्त करेंगे।
कार्यक्रम में उद्योग आधारित अल्पकालीन प्रमाणपत्र पाठ्यक्रम प्रारंभ करने की घोषणा भी की गई। इसके अतिरिक्त सभी विद्यार्थियों के लिए इंटर्नशिप एवं अप्रेंटिसशिप को और अधिक प्रभावी बनाने पर बल दिया गया, जिससे वे अध्ययन काल में ही कॉर्पोरेट कार्यसंस्कृति और व्यावहारिक चुनौतियों को समझ सकें।
एकेएस विश्वविद्यालय के प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट प्रकोष्ठ द्वारा राष्ट्रीय एवं बहुराष्ट्रीय कंपनियों के साथ निरंतर समन्वय स्थापित कर विद्यार्थियों के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाए जा रहे हैं। इसी क्रम में प्रतिवर्ष बड़े पैमाने पर केंद्रीकृत कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव आयोजित किए जाएंगे, जिससे विद्यार्थियों को प्रतिष्ठित कंपनियों में करियर निर्माण का अवसर प्राप्त हो सके।
विश्वविद्यालय के प्रो-चांसलर इंजी. अनंत कुमार सोनी के दूरदर्शी नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में संचालित इस पहल को विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इस अवसर पर प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट विभाग के प्रमुख श्री बालेंद्र विश्वकर्मा, सहायक प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट अधिकारी श्री प्रफुल्ल गौतम तथा प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट अधिकारी श्री मनोज सिंह के प्रयासों की भी सराहना की गई, जिन्होंने उद्योग जगत और विद्यार्थियों के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
उल्लेखनीय है कि एकेएस विश्वविद्यालय शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार, कौशल विकास तथा उत्कृष्ट प्लेसमेंट के क्षेत्र में निरंतर नई उपलब्धियां अर्जित कर रहा है। ‘कैंपस टू कॉर्पोरेट’ जैसी पहलें विश्वविद्यालय को उच्च शिक्षा और उद्योग जगत के मध्य एक सशक्त सेतु के रूप में स्थापित कर रही हैं तथा विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर, दक्ष और भविष्य के लिए तैयार बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
Subscribe to my channel