Recent Posts

September 15, 2026

Udghosh Samay News

खबर जहां हम वहां

नगर परिषद बनगवा में कलेक्टर की औचक दबिश, दो घंटे तक खंगाली गईं फाइलें; कर्मचारियों में मचा हड़कंप ।।

1 min read
Spread the love

यशपाल जाट बनगवा राजनगर अनुपपुर

नगर परिषद बनगवा में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब अनूपपुर कलेक्टर हर्षल पंचोली अचानक निरीक्षण के लिए परिषद कार्यालय पहुंच गए। बिना किसी पूर्व सूचना के हुई इस कार्रवाई से कर्मचारियों और अधिकारियों में हड़कंप मच गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कलेक्टर के पहुंचते ही परिषद कार्यालय का मुख्य प्रवेश द्वार बंद करा दिया गया। इसके बाद करीब दो घंटे तक हाजिरी रजिस्टर, वित्तीय अभिलेख, निर्माण कार्यों से संबंधित दस्तावेज तथा विभिन्न शाखाओं की महत्वपूर्ण फाइलों की गहन जांच की गई।

निरीक्षण के दौरान कई अभिलेखों में प्रथम दृष्टया अनियमितताओं की आशंका जताई गई, जिसके बाद कुछ महत्वपूर्ण फाइलों और दस्तावेजों को जांच के उद्देश्य से अपने कब्जे में ले लिया गया। कलेक्टर की इस सख्त कार्रवाई से पूरे कार्यालय में बेचैनी और हलचल का माहौल बना रहा।

सूत्रों के मुताबिक परिषद के अकाउंटेंट एवं लेखपाल राजेश मिश्रा की कार्यप्रणाली को लेकर भी कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त की। चर्चा है कि उन्हें सोमवार से डूडा कार्यालय से संबद्ध किए जाने के मौखिक निर्देश दिए गए हैं। हालांकि इस संबंध में प्रशासन की ओर से अभी कोई आधिकारिक आदेश जारी नहीं किया गया है।

निरीक्षण के दौरान कर्मचारियों की उपस्थिति का भी बारीकी से परीक्षण किया गया। नियमित, संविदा एवं अन्य श्रेणी के कर्मचारियों की जानकारी तलब करते हुए अनुपस्थित पाए गए कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

लगातार शिकायतों के बाद हुई कार्रवाई

नगर परिषद बनगवा पिछले कुछ समय से निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, भुगतान प्रक्रिया, वित्तीय प्रबंधन तथा प्रशासनिक कार्यशैली को लेकर चर्चाओं में रही है। ऐसे में कलेक्टर का अचानक पहुंचकर दस्तावेजों की जांच करना और फाइलों को अपने कब्जे में लेना कई सवालों को जन्म दे रहा है।

नगर में चर्चा तेज, क्या सामने आएंगे बड़े खुलासे?

कलेक्टर की इस कार्रवाई के बाद नगर में तरह-तरह की चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। लोग जानना चाह रहे हैं कि आखिर ऐसी कौन-सी फाइलें थीं, जिनकी तत्काल जांच की जरूरत महसूस हुई। क्या इस जांच से किसी बड़े वित्तीय या प्रशासनिक गड़बड़ी का पर्दाफाश होगा? और क्या आने वाले दिनों में जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों पर बड़ी कार्रवाई देखने को मिलेगी?

फिलहाल नगर परिषद बनगवा में हुई इस औचक कार्रवाई ने प्रशासनिक हलकों से लेकर आम नागरिकों के बीच हलचल बढ़ा दी है। अब सभी की निगाहें जांच रिपोर्ट और प्रशासन द्वारा उठाए जाने वाले अगले कदमों पर टिकी हुई हैं।

यदि जांच में अनियमितताओं की पुष्टि होती है, तो यह कार्रवाई नगर परिषद की कार्यप्रणाली में जवाबदेही तय करने की दिशा में बड़ा कदम साबित हो सकती है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[join_button]
WhatsApp