अम्बेटिकरा से किलकिलेश्वर धाम तक गूंजेगा ‘बोल बम’, 23 अगस्त को निकलेगी भव्य कांवड़ यात्रा
1 min read

धरमजयगढ़ – सावन की भक्ति और शिव आराधना से धरमजयगढ़ एक बार फिर भक्तिमय होने जा रहा है। बोल बम कांवड़िया समिति, धरमजयगढ़ वार्ड एवं समस्त शिवभक्तों के तत्वावधान में वर्ष 2026 की भव्य कांवड़ यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। इस धार्मिक यात्रा में क्षेत्र के बड़ी संख्या में शिवभक्त शामिल होकर अम्बेटिकरा से पवित्र जल लेकर किलकिलेश्वर महादेव धाम पहुंचेंगे और बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक करेंगे।

समिति के अनुसार 23 अगस्त, रविवार को प्रातः 5 बजे श्रद्धालु अम्बेटिकरा स्थित मां अम्बे की पावन धरा पर कल-कल बहती मांड नदी से जल धारण करेंगे। इसके बाद कांवर में पवित्र जल लेकर श्रद्धालु किलकिलेश्वर महादेव धाम के लिए पदयात्रा पर रवाना होंगे। यात्रा के दौरान पूरा मार्ग ‘बोल बम’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंजायमान होने की उम्मीद है।
इसके अगले दिन 24 अगस्त, सोमवार को प्रातः 5 बजे किलकिलेश्वर महादेव धाम में श्रद्धालुओं द्वारा पवित्र जल से भगवान शिव का जलाभिषेक किया जाएगा। धार्मिक आस्था के इस आयोजन को लेकर शिवभक्तों में खासा उत्साह है और यात्रा को सफल एवं व्यवस्थित बनाने के लिए समिति द्वारा आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
यात्रा में शामिल होने से पहले पंजीयन अनिवार्य
समिति ने स्पष्ट किया है कि कांवड़ यात्रा में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं का पूर्व पंजीयन अनिवार्य रहेगा। यात्रा मार्ग के निर्धारित पड़ावों पर श्रद्धालुओं के लिए जलपान एवं भोजन की व्यवस्था भी समिति द्वारा की जाएगी, ताकि कांवड़ियों को यात्रा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।
वहीं, जो श्रद्धालु यात्रा के दौरान सेवा कार्य में अपना योगदान देना चाहते हैं, वे बोल बम कांवड़िया समिति से संपर्क कर सेवा में सहभागी बन सकते हैं। समिति ने अधिक से अधिक शिवभक्तों से इस पावन यात्रा में शामिल होकर धार्मिक आस्था, सेवा और सामाजिक एकता के इस आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।
आस्था, भक्ति और सेवा के संगम के रूप में आयोजित होने वाली यह कांवड़ यात्रा धरमजयगढ़ क्षेत्र में शिवभक्ति का नया रंग भरने को तैयार है। अम्बेटिकरा से उठने वाली कांवर और मांड नदी का पवित्र जल जब किलकिलेश्वर महादेव के चरणों में अर्पित होगा, तो यह दृश्य श्रद्धा और भक्ति से सराबोर करने वाला होगा।
Subscribe to my channel