एकेएस विश्वविद्यालय के रावे एवं एआईए विद्यार्थियों ने सरिया टोला में मनाया स्वतंत्रता दिवस
1 min read
सतना, 15 अगस्त। एकेएस विश्वविद्यालय, सतना के कृषि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संकाय के ग्रामीण कृषि कार्य अनुभव (रावे) एवं कृषि-औद्योगिक संबद्धता (एआईए) कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों ने ग्राम सरिया टोला के प्राथमिक विद्यालय में स्वतंत्रता दिवस उत्साह और उमंग के साथ मनाया। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक, विद्यार्थी एवं ग्रामवासी उत्साहपूर्वक शामिल हुए।

कार्यक्रम का शुभारंभ ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। इसके बाद रावे एवं एआईए विद्यार्थियों ने बच्चों को स्वतंत्रता दिवस के ऐतिहासिक महत्व की जानकारी देते हुए पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता तथा पेड़-पौधों के महत्व पर जागरूक किया। विद्यार्थियों ने बच्चों को स्वच्छ, हरित एवं पर्यावरण-संरक्षित भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर बच्चों के लिए चित्रकला एवं चित्रांकन प्रतियोगिता आयोजित की गई। बच्चों ने देशभक्ति, प्रकृति एवं पर्यावरण से जुड़े विषयों पर चित्र बनाकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले बच्चों को क्रमशः स्वर्ण, रजत एवं कांस्य पदक प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही सभी बच्चों को रंग, पेंसिल, बिस्किट एवं लड्डू वितरित किए गए, जिससे बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम के अवसर पर कृषि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संकाय के अधिष्ठाता डॉ. ए.के. भौमिक, रावे एवं एआईए कार्यक्रम के समन्वयक श्री अनूप शुक्ला तथा विभागाध्यक्ष एवं निदेशक शोध डॉ. नीरज वर्मा ने विद्यार्थियों को ग्रामीण समुदाय के साथ सक्रिय रूप से जुड़ने तथा कृषि, पर्यावरण एवं सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में निरंतर योगदान देने के लिए प्रोत्साहित किया।
इस गतिविधि का विशेष महत्व यह रहा कि रावे एवं एआईए विद्यार्थियों को ग्रामीण परिवेश को समझने, ग्रामीण समुदाय के साथ संवाद स्थापित करने और कृषि शिक्षा को सामाजिक सरोकारों से जोड़ने का व्यावहारिक अवसर मिला। वहीं बच्चों में देशभक्ति, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं रचनात्मकता के प्रति जागरूकता विकसित हुई। ऐसे कार्यक्रम विश्वविद्यालय और ग्रामीण समुदाय के बीच सहभागिता को मजबूत करने के साथ विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना भी विकसित करते हैं।
विद्यालय के शिक्षकगण एवं ग्रामवासियों के सहयोग से कार्यक्रम उत्साहपूर्ण एवं प्रेरणादायी वातावरण में संपन्न हुआ।
Subscribe to my channel