August 12, 2026

Udghosh Samay News

खबर जहां हम वहां

एकेएस विश्वविद्यालय में कृषि औद्योगिक प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ

1 min read
Spread the love


ग्रामीण कृषि कार्य अनुभव कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों को दिया जा रहा औद्योगिक प्रशिक्षण एवं उद्यमिता विकास का अवसर।
सतना एकेएस विश्वविद्यालय, सतना के कृषि संकाय एवं प्रौद्योगिकी विभाग के अंतर्गत संचालित रावे एवं एआईए कार्यक्रम के तहत विश्वविद्यालय परिसर स्थित इन्क्यूबेशन सेंटर में आज से तीन दिवसीय एग्रो इंडस्ट्री अटैचमेंट प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य कृषि विद्यार्थियों को कृषि उद्योगों की कार्यप्रणाली से परिचित कराना, उन्हें व्यावहारिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण प्रदान करना तथा स्वरोजगार, स्टार्टअप एवं उद्यमिता विकास के लिए प्रेरित करना है।

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को कृषि आधारित उद्योगों, खाद्य प्रसंस्करण, मूल्य संवर्धन, उद्यम स्थापना तथा कृषि क्षेत्र में उपलब्ध रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों की व्यावहारिक जानकारी प्रदान की जा रही है। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को कक्षा से उद्योग तथा शिक्षा से उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ाना है, ताकि वे ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि आधारित उद्यमों के विकास में प्रभावी भूमिका निभा सकें।

प्रशिक्षण के सफल संचालन में फैकल्टी ऑफ एग्रीकल्चर साइंस एंड टेक्नोलॉजी के डिपार्टमेंट ऑफ फूड टेक्नोलॉजी का विशेष सहयोग रहा। विभाग की ओर से डॉ. राजेश मिश्रा एवं श्री शिवविलास मौर्या ने प्रशिक्षण गतिविधियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं रावे एवं एआईए समन्वयक श्री अनूप शुक्ला एवं श्री विपिन कुमार, डॉ रफिया तथा उद्यानिकी विभाग से डॉ. मोहनी परमार एवं अंशुल असरे ने कार्यक्रम के समन्वय एवं व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से संचालित करने में सहयोग प्रदान किया। विभागाध्यक्ष एवं संबंधित संकाय सदस्यों की सहभागिता से प्रशिक्षण कार्यक्रम को व्यवस्थित एवं प्रभावी रूप से प्रारंभ किया गया।

यह तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम विद्यार्थियों को एग्रो-इंडस्ट्री से संबंधित विभिन्न पहलुओं की जानकारी प्रदान करेगा। प्रशिक्षण के पश्चात रावे एवं एआईए कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों को ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि एवं संबद्ध गतिविधियों के माध्यम से ग्रामीण विकास, रोजगार सृजन, स्वरोजगार एवं उद्यमिता विकास को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के माननीय चेयरमैन इंजीनियर अनंत सोनी, माननीय कुलपति प्रो. बी.ए. चोपड़े, फैकल्टी ऑफ एग्रीकल्चर साइंस एंड टेक्नोलॉजी के डीन डॉ. ए.के. भौमिक तथा कृषि संकाय के विभागाध्यक्ष एवं निदेशक अनुसंधान डॉ. नीरज वर्मा ने प्रशिक्षण कार्यक्रम के सफल शुभारंभ पर विद्यार्थियों एवं आयोजन टीम को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रशिक्षण का अधिकतम लाभ उठाने, कृषि क्षेत्र में नवीन तकनीकों एवं उद्यमिता के अवसरों को समझने तथा भविष्य में स्वावलंबी एवं रोजगार सृजक बनने के लिए प्रेरित किया।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने विश्वास व्यक्त किया कि रावे एवं एआईए कार्यक्रम के अंतर्गत इस प्रकार के औद्योगिक एवं उद्यमिता आधारित प्रशिक्षण विद्यार्थियों को व्यावहारिक ज्ञान से जोड़ने के साथ-साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और कृषि क्षेत्र में नए उद्यम विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[join_button]
WhatsApp