November 17, 2026

Udghosh Samay News

खबर जहां हम वहां

आधी कीमत में छड़ दिलाने का झांसा देकर करीब 4 लाख की ठगी, दो आरोपी गिरफ्तार!

1 min read
Spread the love

जांजगीर-चांपा। जिले में सस्ते दाम पर छड़ (सरिया) दिलाने का झांसा देकर दुकानदारों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले दो आरोपियों को नवागढ़ पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पिछले एक महीने के भीतर दो अलग-अलग मामलों में करीब 4 लाख रुपये की ठगी को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बैंक खाते से संबंधित दस्तावेज, मोबाइल और फर्जी विजिटिंग कार्ड जब्त किए हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पहला मामला ग्राम सिउड़ निवासी किशन राठौर का है। उन्होंने 15 अक्टूबर 2026 को थाना नवागढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि पुरुषोत्तम यादव और राजेश कुमार ने आधी कीमत में छड़ दिलाने का झांसा देकर फोन-पे के माध्यम से उनसे 80 हजार रुपये ले लिए। इसके बाद दोनों ने अपना मोबाइल फोन बंद कर दिया। मामले में NCRP पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने अपराध क्रमांक 338/26 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।

वहीं, दूसरा मामला ग्राम अवरिद निवासी चंद्रशेखर कश्यप से जुड़ा है। आरोप है कि पुरुषोत्तम यादव ने सस्ते दाम पर छड़ उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाकर उनसे 2 लाख 50 हजार रुपये की ठगी की। आरोपी ने शिवरीनारायण के एक छड़ विक्रेता से संपर्क कर अवरिद में छड़ पहुंचाने की बात कही और भुगतान माल उतरने के बाद करने का भरोसा दिया। दूसरी ओर चंद्रशेखर कश्यप से रुपये तैयार रखने को कहा। छड़ अवरिद पहुंचने पर आरोपी रुपये लेकर फरार हो गया। बाद में दुकानदार द्वारा भुगतान मांगने पर पूरे ठगी के मामले का खुलासा हुआ। इस मामले में थाना नवागढ़ में अपराध क्रमांक 339/26 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।

तकनीकी जांच के बाद बिलासपुर से पकड़ा गया मुख्य आरोपी:

पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पांडेय (IPS) के निर्देशन में आरोपियों की पतासाजी के लिए पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस ने बैंक खातों और मोबाइल नंबरों का तकनीकी विश्लेषण किया। लगातार तलाश के दौरान मुख्य आरोपी पुरुषोत्तम यादव के बिलासपुर जिले के जांजी क्षेत्र में रहने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार किया।

पूछताछ में आरोपी ने सह आरोपी राजेश कुमार के साथ मिलकर ठगी करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपियों के बैंक खाते से संबंधित दस्तावेज, मोबाइल फोन और फर्जी विजिटिंग कार्ड जब्त किए। अपराध में संलिप्तता के साक्ष्य मिलने पर पुरुषोत्तम यादव (37 वर्ष), निवासी सिपत, जिला बिलासपुर तथा राजेश कुमार (38 वर्ष), निवासी सिउड़, थाना नवागढ़, जिला जांजगीर-चांपा को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।

इनकी रही सराहनीय भूमिका:

उक्त कार्रवाई में निरीक्षक मणिकांत पांडे, निरीक्षक भास्कर शर्मा, एएसआई लंबोदर सिंह, प्रधान आरक्षक मनोज तिग्गा तथा आरक्षक प्रतीक सिंह और अंजना लकड़ा का सराहनीय योगदान रहा।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[join_button]
WhatsApp