August 6, 2026

Udghosh Samay News

खबर जहां हम वहां

साइबर टीम की सक्रियता से 48 घंटे में तीन मंदिरों की चोरी का खुलासा, 16.60 लाख का माल शत-प्रतिशत बरामद

1 min read
Spread the love

जांजगीर-चाम्पा, 05 अगस्त 2026। जांजगीर-चाम्पा पुलिस की साइबर टीम ने थाना नवागढ़ क्षेत्र के ग्राम महत, जगमहंत और बम्हनीडीह मंदिर में हुई चोरी के मामलों का 48 घंटे के अंदर खुलासा कर दिया है। मामले में तीन मुख्य आरोपी और एक विधि-विरुद्ध संघर्षरत बालक शामिल हैं। आरोपियों से चांदी के छत्र, मुकुट, चक्र, सोने के आभूषण, दानपेटी सहित नगदी समेत कुल 16 लाख 60 हजार रुपये का माल शत-प्रतिशत बरामद कर लिया गया है।

घटना का विवरण:

1-2 अगस्त 2026 की रात अज्ञात चोरों ने जिले के तीन बड़े मंदिरों को निशाना बनाया था।

• बम्हनीडीह के रामजानकी मंदिर से दो चांदी के छत्र चोरी हुए।

• नवागढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम महंत के चंडी दाई मंदिर से नौ माताओं के चांदी के मुकुट, सोने के जेवर और दानपेटी पार कर दी गई।

• ग्राम जगमहंत के बद्री विशाल मंदिर से एक चांदी का छत्र चोरी हुआ।

इन मामलों में थाना नवागढ़ में दो और थाना बम्हनीडीह में एक अपराध अज्ञात चोरों के विरुद्ध पंजीबद्ध किया गया था।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई:

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय (भापुसे) स्वयं घटनास्थल पहुंचे और निरीक्षण के बाद साइबर थाना तथा थाना नवागढ़ व बम्हनीडीह पुलिस को शीघ्र गिरफ्तारी और माल बरामदगी के निर्देश दिए।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलेंडन यार्क के मार्गदर्शन में गठित टीम ने घटनास्थल के आसपास आने-जाने वाले रास्तों का बारीकी से निरीक्षण किया। लगभग 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। इसमें बम्हनीडीह से नवागढ़ क्षेत्र की ओर घटना समय के आसपास एक संदिग्ध मोटरसाइकिल पर चार व्यक्ति सवार दिखे। साइबर तकनीक और मैनुअल इनपुट के आधार पर आरोपियों की पहचान कर दबिश दी गई।

एसडीओपी धान्या श्री लोकेश बंसल और सीएसपी योगिताबाली खापर्डे के नेतृत्व में पूछताछ में आरोपी शुरू में टालमटोल करते रहे। मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ के बाद उन्होंने अपराध कबूल किया। आरोपी प्रशांत पटेल के घर के पीछे गड्ढे में छुपाया गया सारा चोरी का माल बरामद हुआ। साथ ही ताला काटने में इस्तेमाल इलेक्ट्रॉनिक कटर और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की गई।

आरोपियों ने बताया कि वे लाखों के कर्ज में डूबे होने के कारण एक दिन पहले योजना बनाकर चोरी को अंजाम दिए थे।

गिरफ्तार आरोपी:

  1. प्रशांत पटेल, पिता अशोक पटेल, उम्र 23 वर्ष, निवासी घुटिया, थाना पामगढ़
  2. प्रभात पटेल, पिता अशोक पटेल, उम्र 18 वर्ष 2 माह, निवासी घुटिया, थाना पामगढ़
  3. परमानंद पटेल, पिता बंशीलाल पटेल, उम्र 25 वर्ष, निवासी घुटिया, थाना पामगढ़
  4. (एक विधि-विरुद्ध संघर्षरत बालक भी शामिल)

सराहनीय योगदान:

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी साइबर निरीक्षक भास्कर शर्मा, सउनि विवेक सिंह, प्रधान आरक्षक मनोज तिग्गा, राजकुमार चन्द्रा, विवेक सिंह, आरक्षक गिरीश कश्यप, प्रदीप दुबे, सहबाज अहमद, रोहित कहरा, माखन साहू, चिरंजीव, कमलेश, पदमराज सिंह, थाना नवागढ़ प्रभारी निरीक्षक मणिकांत पाण्डेय, थाना प्रभारी बम्हनीडीह उपनिरीक्षक दिलीप सिंह एवं उनकी टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[join_button]
WhatsApp