डोंगाकोहरौद स्कूल के प्रधान पाठक भुवनेश्वर कौशिक निलंबित, कलेक्टर के निर्देश पर तत्काल कार्रवाई
1 min read
जांजगीर-चांपा, 1/8/2026। जिले के पामगढ़ विकासखंड अंतर्गत तेलीपारा डोंगाकोहरौद स्थित शासकीय प्राथमिक शाला से जुड़े वायरल वीडियो मामले में जिला प्रशासन ने सख्त और त्वरित कार्रवाई की है। विद्यालय के प्रधान पाठक भुवनेश्वर कौशिक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
मामला यह है कि शुक्रवार को स्कूल समय के दौरान चौथी-पांचवीं कक्षा के बच्चों के सामने प्रधान पाठक भुवनेश्वर कौशिक पर पैंट उतारकर अर्धनग्न हालत में बैठने, पेशाब करने और छात्राओं के साथ अश्लील हरकत करने की कोशिश का आरोप लगा था। घटना से डरे बच्चों ने घर जाकर अभिभावकों को बताया। परिजन स्कूल पहुंचे तो उन्होंने प्रधान पाठक को अर्धनग्न हालत में पाया और वीडियो बना लिया। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया था।
इस गंभीर प्रकरण में कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देश पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी पामगढ़ ने जांच कर प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। जिला शिक्षा अधिकारी ने सोशल मीडिया और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में वायरल वीडियो तथा जांच प्रतिवेदन के आधार पर पाया कि प्रधान पाठक का आचरण छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के नियम-3 के विपरीत है। परिणामस्वरूप छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के नियम-9 के तहत उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय नवागढ़ निर्धारित किया गया है। इस दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा। पुलिस जांच भी जारी है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शिक्षा के मंदिर में ऐसी घटनाओं को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
Subscribe to my channel