बारिश भी नहीं रोक सकी आस्था की रथयात्रा, तेन्दुमार में भगवान जगन्नाथ की भक्ति में झूमे श्रद्धालु !
1 min read

वार्डवासियों के बीच पार्षद हाफिजुल्ला खान उर्फ़ दारा भईया

धरमजयगढ़ – नगर पंचायत धरमजयगढ़ के वार्ड क्रमांक 10 तेन्दुमार में 21 जुलाई को भगवान जगन्नाथ , बलराम एवं सुभद्रा की भव्य एवं मनमोहक रथयात्रा श्रद्धा, उत्साह और पारंपरिक लोक संस्कृति के बीच निकाली गई। रथयात्रा में तेन्दुमार कर्मा नृत्य दल सहित आसपास के कई ग्रामों से पहुंचे नर्तक दलों ने आकर्षक कर्मा नृत्य की प्रस्तुति देकर पूरे वातावरण को भक्तिमय और सांस्कृतिक रंगों से सराबोर कर दिया।
रथयात्रा के दौरान बीच-बीच में बारिश होती रही, लेकिन श्रद्धालुओं के उत्साह पर इसका कोई असर नहीं पड़ा। लोग बारिश में भीगते हुए भी पूरे जोश के साथ रथयात्रा में शामिल रहे और मेले का आनंद लेते रहे। भगवान के जयघोष और पारंपरिक वाद्ययंत्रों की गूंज से पूरा तेन्दुमार भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा।
धरमजयगढ़ क्षेत्र में रथयात्रा की परंपरा का विशेष धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व है। यहां रथयात्रा का आरंभ होने के बाद लगभग 15 दिनों तक क्षेत्र के विभिन्न गांवों में क्रमशः रथयात्राओं का आयोजन होता है, जिनमें बड़ी संख्या में ग्रामीण सहभागिता निभाते हैं और सदियों पुरानी इस परंपरा को जीवंत बनाए रखते हैं।
तेन्दुमार की रथयात्रा में वार्ड के लोकप्रिय पार्षद हाफिजुल्ला खान उर्फ दारा भईया भी वार्डवासियों के साथ शामिल हुए। इस शुभ अवसर पर ग्रामीणों ने उनका आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया। दारा भईया ने क्षेत्रवासियों को रथयात्रा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसी धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराएं समाज को एकता के सूत्र में बांधती हैं। उन्होंने वार्डवासियों की सराहना करते हुए इस गौरवशाली परंपरा को आने वाली पीढ़ियों तक निरंतर आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
बारिश के बीच उमड़ा जनसैलाब और कर्मा नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियों ने तेन्दुमार की रथयात्रा को इस वर्ष भी यादगार बना दिया। श्रद्धा, संस्कृति और सामाजिक एकता का यह अद्भुत संगम देर शाम तक लोगों के आकर्षण का केंद्र बना रहा।
Subscribe to my channel