July 21, 2026

Udghosh Samay News

खबर जहां हम वहां

एकेएस विश्वविद्यालय में ‘ग्रीन कैंपस, क्लीन कैंपस’ अभियान: विद्यार्थियों ने स्वच्छ एवं प्लास्टिक मुक्त परिसर का लिया संकल्प

1 min read
Spread the love


सतना। एकेएस विश्वविद्यालय के शिक्षा विभाग द्वारा वर्किंग विद कम्युनिटी कार्यक्रम के अंतर्गत ‘ग्रीन कैंपस, क्लीन कैंपस’ अभियान का प्रभावी आयोजन किया गया। अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, सामुदायिक सहभागिता तथा सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को व्यवहारिक रूप से विकसित करना था।


कार्यक्रम शिक्षा विभाग की सहायक प्राध्यापिका सीमा द्विवेदी के मार्गदर्शन एवं पर्यवेक्षण में संपन्न हुआ। इस दौरान विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय परिसर के विभिन्न स्थलों पर श्रमदान कर स्वच्छता अभियान चलाया तथा परिसर को स्वच्छ, हरित और पर्यावरण-अनुकूल बनाए रखने का संदेश दिया। अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों ने यह भी जाना कि स्वच्छ एवं प्लास्टिक मुक्त परिसर स्वस्थ, सुरक्षित और सतत विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।


समापन अवसर पर सभी विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय परिसर को स्वच्छ, हरित एवं पूर्णतः प्लास्टिक मुक्त बनाए रखने की सामूहिक शपथ ली। उन्होंने स्वयं एकल-उपयोग प्लास्टिक का प्रयोग नहीं करने तथा परिवार और समाज को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का संकल्प व्यक्त किया। शिक्षा विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. आर.एस. मिश्रा ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि सामुदायिक गतिविधियाँ विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण आधार हैं। ऐसे कार्यक्रम उनमें सेवा भाव, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, पर्यावरणीय चेतना तथा सामाजिक दायित्वों के निर्वहन की भावना को सुदृढ़ करते हैं। उन्होंने सहायक प्राध्यापिका सीमा द्विवेदी के मार्गदर्शन में आयोजित इस अभियान को शिक्षा के व्यावहारिक पक्ष का उत्कृष्ट उदाहरण बताते हुए पूरी टीम को शुभकामनाएँ दीं। अभियान में शिक्षा विभाग के सभी छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। विद्यार्थियों के सामूहिक श्रमदान और जागरूकता प्रयासों से विश्वविद्यालय परिसर में स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति सकारात्मक संदेश प्रसारित हुआ तथा प्लास्टिक मुक्त परिसर की अवधारणा को सशक्त आधार मिला।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[join_button]
WhatsApp