एकेएस विश्वविद्यालय के यूनिवर्सिटी कैडेट कोर का नारो हिल में वार्षिक शैक्षणिक एवं साहसिक भ्रमण संपन्न
1 min read
सतना। एकेएस विश्वविद्यालय, सतना के यूनिवर्सिटी कैडेट कोर (यूसीसी) द्वारा 19 जुलाई 2026 को नारो हिल में वार्षिक शैक्षणिक एवं साहसिक भ्रमण का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य कैडेटों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, टीम भावना, आत्मनिर्भरता तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता विकसित करना था।

भ्रमण में 7 गर्ल्स कैडेट एवं 16 बॉयज कैडेट ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कैडेटों ने लगभग दो घंटे तक पर्वतारोहण कर शारीरिक दक्षता, साहस एवं धैर्य का परिचय दिया। इसके उपरांत उन्होंने नारो हिल स्थित क्लीन एंड ग्रीन पार्क में स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण संबंधी गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाई।

आत्मनिर्भरता और सामूहिक कार्य संस्कृति का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करते हुए कैडेटों ने स्वयं लकड़ियां एकत्रित कर प्राकृतिक ऊर्जा के माध्यम से वेज बिरयानी तैयार की तथा सभी प्रतिभागियों के साथ सामूहिक भोजन किया। इस दौरान वॉलीबॉल, रस्साकशी, सुई-धागा एवं म्यूजिकल चेयर जैसी विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें कैडेटों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अनेक पुरस्कार प्राप्त किए।

संपूर्ण भ्रमण का सफल संचालन कैप्टन रावेंद्र सिंह परिहार, कैप्टन श्रवण कुमार, कंपनी हवलदार मेजर आकाश, कॉरपोरल काजल, कॉरपोरल आर्यन वर्मा, कॉरपोरल गोसिया तथा समस्त कैडेट लीडर्स के कुशल मार्गदर्शन एवं सहयोग से संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के समापन पर यूनिवर्सिटी कैडेट कोर के समस्त कैडेटों एवं स्टाफ ने एकेएस विश्वविद्यालय, सतना के प्रो-चांसलर इंजी. अनंत कुमार सोनी तथा विश्वविद्यालय प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर कहा गया कि ऐसे आयोजन युवाओं में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, साहस, आत्मनिर्भरता, सामाजिक उत्तरदायित्व तथा टीम भावना के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
Subscribe to my channel