छह वर्षों से अंधेरे में लोटान मोहल्ला: वन विभाग के अनापत्ति प्रमाण पत्र अभाव में अधूरा पड़ा विद्युत लाइन !
1 min read

धरमजयगढ़ – आज के आधुनिक दौर में जहां बिजली को जीवन की मूलभूत आवश्यकता माना जाता है, वहीं ग्राम पंचायत बकालो के लोटान मोहल्ला के दर्जनों परिवार पिछले छह वर्षों से विद्युत सुविधा के लिए संघर्ष कर रहे हैं। वर्ष 2020 में शुरू किया गया विद्युत लाइन विस्तार कार्य वन विभाग से अनापत्ति प्रमाण पत्र नहीं मिलने के कारण अधर में लटका हुआ है, जिससे ग्रामीणों में गहरा आक्रोश और निराशा व्याप्त है।

ग्रामीणों के अनुसार विद्युत विभाग द्वारा लाइन विस्तार की प्रक्रिया शुरू कर कुछ हिस्सों में कार्य भी किया गया था, लेकिन वन भूमि से जुड़े अनुमति संबंधी मामलों के कारण परियोजना बीच में ही रोक दी गई। इसके बाद से न तो कार्य आगे बढ़ सका और न ही ग्रामीणों को बिजली जैसी बुनियादी सुविधा मिल सकी।
लोटान मोहल्ला के निवासियों का कहना है कि उन्होंने समस्या के समाधान के लिए कई बार विद्युत विभाग और वन विभाग के अधिकारियों के समक्ष अपनी बात रखी, लेकिन वर्षों बीत जाने के बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि वन विभाग से आवश्यक अनुमति प्राप्त होने के बाद ही शेष कार्य पूरा किया जा सकेगा।
समस्या से परेशान ग्रामीणों ने अब बोरो रेंज के वन परिक्षेत्र अधिकारी को आवेदन सौंपकर लंबित अनापत्ति प्रमाण पत्र जारी करने की मांग की है। आवेदनकर्ता दुर्योधन यादव ने बताया कि बिजली के अभाव में बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है, वहीं गर्मी और बरसात के मौसम में लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। घरेलू कार्यों के साथ-साथ छोटे व्यवसाय और रोजमर्रा की गतिविधियां भी बाधित हो रही हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि एक ओर सरकार गांव-गांव तक बिजली पहुंचाने के दावे कर रही है, वहीं दूसरी ओर बकालो का लोटान मोहल्ला छह वर्षों से विभागीय प्रक्रियाओं और अनुमति संबंधी अड़चनों के बीच फंसा हुआ है। उनका आरोप है कि विभिन्न विभागों के बीच समन्वय के अभाव का खामियाजा आम ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए आवेदक दुर्योधन यादव ने रायगढ़ कलेक्टर से भी संवाद स्थापित कर समस्या से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि कलेक्टर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है। इसके बाद ग्रामीणों में उम्मीद जगी है कि जिला प्रशासन के हस्तक्षेप से वर्षों से लंबित विद्युत लाइन विस्तार कार्य को जल्द गति मिलेगी।
अब क्षेत्रवासियों की निगाहें वन विभाग, विद्युत विभाग और जिला प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं। सवाल यह है कि आखिर छह वर्षों से बिजली की बाट जोह रहे इन ग्रामीणों को कब तक राहत मिलेगी और कब लोटान मोहल्ला भी विकास की मुख्यधारा से जुड़ सकेगा।
Subscribe to my channel