चित्रकूट: घर-घर योग का संदेश पहुंचा रहे योग साधक
1 min read

चित्रकूट हुआ योगमय, 100 से अधिक स्थानों पर चल रहे योग शिविर
घर-घर योग का संदेश पहुंचा रहे योग साधक
डीआरआई के स्वावलम्बन एवं सम्पर्कित ग्रामीण केन्द्र भी हुए योगमय
चित्रकूट क्षेत्र- में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 100 से भी अधिक स्थानों पर पिछले 1 हफ्ते से योगाभ्यास किया जा रहा है। चित्रकूट क्षेत्र के सरकारी एवं गैर सरकारी संस्थान, सभी प्रमुख मंदिर, आश्रम एवं समाजसेवी समुदाय के सहयोग से उपरोक्त स्थानों पर आरोग्यधाम में प्रशिक्षित प्रशिक्षकों द्वारा नियमित योगाभ्यास कराया जा रहा है।

योग प्रशिक्षकों द्वारा प्राणायाम, मुद्राभ्यास, सन्धियोग, योगासन और सूर्य नमस्कार की सभी क्रियायें एवं आसन कराये जा रहे है। इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को सामूहिक वृहद कार्यक्रम महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय के विशाल परिसर में आयोजित किया जाएगा। जिसके लिए प्रातः 5:45 बजे एकत्रीकरण रखा गया है। उसके बाद प्रातःः 6:00 से 7:00 तक योग की सभी क्रियाएं संपन्न कराई जाएंगी। इस दौरान इस सामूहिक कार्यक्रम में चित्रकूूट क्षेत्र में चल रहे सभी योग केंद्रों से योग साधक इस अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सामूहिक कार्यक्रम में शामिल होंगे।
दीनयाल शोध संस्थान के महाप्रबंधक डाॅ अनिल जायसवाल ने बताया कि चित्रकूट जनपद तथा मझगवां जनपद के स्वावलम्बन केन्द्रों एवं सम्पर्कित ग्रामीण केन्द्रों पर भी ग्रामवासियों की भागीदारी के साथ योग के इन प्रयोगों को नियमित रूप से किया जा रहा है।
स्वामी विवेकानंद जी के विचार थे कि भारत को तभी नए सिरे से मजबूत किया जा सकता है, जब व्यक्तित्व निर्माण में योग को नियमित रूप से जोड़ा जाए। योग के माध्यम से एक व्यक्ति को समाज से जोड़ने की परिकल्पना को साकार किया जा सकता है। योग एक आध्यात्मिक प्रक्रिया है। जिसमें शरीर, मन, बुद्धि और आत्मा को एक साथ लाने का काम होता है।
विगत 12 वर्षों से 21 जून को पूरा विश्व योग दिवस के रूप में मना रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के अथक प्रयासों से योग को विश्व मंच पर पहुंचाने का कार्य हुआ है। इस दृष्टि से चित्रकूट में सभी मठ-मंदिरों, शैक्षिक एवं सामाजिक संस्थाओं के कार्यकर्ता व नगरवासी एक साथ सामूहिक रूप से मिलकर 21 जून को योग क्रियाऐं करते हैं। उसके पूर्व नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों के कई केंद्रों पर योग का अभ्यास किया जाता है। हर वर्ष सभी संस्थाओं के सामूहिक विचार-विमर्श से अलग-अलग स्थानों पर योग क्रिया की जाती रही हैं।
दीनदयाल शोध संस्थान के राष्ट्रीय संगठन सचिव श्री अभय महाजन ने चित्रकूट के सभी नगर वासियों से आह्वान किया है कि 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय के विशाल परिसर में आयोजित योग कार्यक्रम में प्रातः 6:00 बजे से 7:00 बजे तक ज्यादा से ज्यादा संख्या में सब इसके साथ जुड़ें, ताकि प्रत्येक घर तक योग का संदेश पहुंचे, और जो योग हमारी प्राचीन जीवनशैली का हिस्सा था, वह फिर से हमारी दैनिक दिनचर्या में शामिल हो सके।

Subscribe to my channel