पांच सूत्रीय मांगों को लेकर एमसीबी जिले के निकाय कर्मचारी लामबंद, 13 जुलाई से अनिश्चितकालीन हड़ताल की तैयारी
1 min read
संभाग ब्यूरो दुर्गा गुप्ता

मनेंद्रगढ़। नगरीय निकाय कर्मचारियों की वर्षों पुरानी लंबित मांगों को लेकर आंदोलन की आहट तेज हो गई है। नवयुक्त अधिकारी-कर्मचारी कल्याण संघ (छत्तीसगढ़) के आह्वान पर 13 जुलाई 2026 से रायपुर के तूता में प्रस्तावित अनिश्चितकालीन हड़ताल को सफल बनाने के लिए एमसीबी जिले के अधिकारी और कर्मचारी पूरी तरह सक्रिय हो गए हैं। इसी कड़ी में मनेंद्रगढ़ के सुरभि पार्क में जिले के सभी नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के कर्मचारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में कर्मचारियों की पांच सूत्रीय मांगों पर विस्तार से चर्चा करते हुए आंदोलन की रणनीति तैयार की गई। कर्मचारियों ने स्पष्ट कहा कि यदि शासन द्वारा मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया तो 13 जुलाई से प्रदेशव्यापी अनिश्चितकालीन हड़ताल में जिले के सभी निकाय कर्मचारी बढ़-चढ़कर भाग लेंगे।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश प्रवक्ता विकास मिश्रा, संभाग अध्यक्ष संजय पाण्डेय, संभाग उपाध्यक्ष पदमा राव तथा जिला अध्यक्ष पंचूराम साहू ने कहा कि निकाय कर्मचारियों को वर्षों से वेतन, पेंशन और अन्य मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। अब समय आ गया है कि कर्मचारी एकजुट होकर अपने अधिकारों की लड़ाई लड़ें। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की एकता ही आंदोलन की सबसे बड़ी ताकत है।
संघ की प्रमुख मांगों में प्रत्येक माह की पहली तारीख को वेतन भुगतान ट्रेजरी के माध्यम से सुनिश्चित किया जाए।
नगर निगम नगरपालिका,नगर पंचायत नियमित कर्मचारियों को शासकीय कर्मचारियों की भांति पुरानी पेंशन योजना लागू किया जाए
नगरीय निकाय के तृतीय/चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के पद उन्नति हेतु नवीन सेटअप स्वीकृति किया जाय।
नगरीय निकाय कर्मचारियों को 7 वेतनमान का एरियस राशि भुगतान शीघ्र स्वीकृति किया जाए
नगरीय निकाय कर्मचारियों का विगत 2 वर्ष 4 वर्षों से एनपीयस की जीपीएफ एवं अन्य कटौती की राशि जल्द समय पर जमा कराने जैसी मांगें शामिल हैं।
बैठक में इंजीनियर अजय पैकरा, सहायक राजस्व अधिकारी शिवनारायण मिंज, सहायक राजस्व निरीक्षक संतोष श्रीवास्तव, पवन खरे, रंजीता बड़ा, अनिल सिंह, अर्चना सिंह, आनंद मरकाम, अफजल खान, मुन्ताज अहमद, रवि सहित जिले के विभिन्न नगरीय निकायों के बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में सभी कर्मचारियों ने एकजुट होकर पांच सूत्रीय मांगों के समर्थन में संघर्ष को तेज करने तथा रायपुर में प्रस्तावित अनिश्चितकालीन हड़ताल को सफल बनाने का संकल्प लिया। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि शासन ने जल्द समाधान नहीं निकाला तो इसका असर प्रदेशभर के नगरीय निकायों के कामकाज पर पड़ सकता है।

Subscribe to my channel