June 7, 2026

Udghosh Samay News

खबर जहां हम वहां

लगातार बिजली कटौती से बढ़ा जनाक्रोश, आधी रात को बिजली कार्यालय पहुंचे नागरिक

1 min read
Spread the love


धरमजयगढ़ – क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली कटौती को लेकर नागरिकों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। भीषण गर्मी और उमस के बीच बार-बार बाधित हो रही विद्युत आपूर्ति से परेशान लोग देर रात लगभग 2 बजे बिजली कार्यालय पहुंच गए और अधिकारियों-कर्मचारियों के समक्ष अपनी नाराजगी व्यक्त करते हुए नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की।


स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कई दिनों से रात के समय बार-बार बिजली गुल होने की समस्या बनी हुई है, जिससे लोगों की नींद, दैनिक जीवन और स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। नागरिकों ने आरोप लगाया कि शिकायतों के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा है।
उल्लेखनीय है कि हाल ही में नगर के एक युवा कॉंग्रेस नेता वेदांत दीवान द्वारा सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया गया था, जिसमें बिजली कार्यालय में कुछ कर्मचारियों के विश्राम करते हुए दिखाई देने का दावा किया गया। वीडियो वायरल होने के बाद बिजली व्यवस्था को लेकर लोगों में असंतोष और अधिक बढ़ गया है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि गर्मी के इस मौसम में लगातार हो रही बिजली कटौती से आमजन बेहद परेशान हैं। नागरिकों ने विभाग से रात्रिकालीन विद्युत आपूर्ति में सुधार, त्वरित शिकायत निवारण तथा जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा प्रभावी निगरानी की मांग की है।
बढ़ते जनाक्रोश को देखते हुए लोगों का मानना है कि यदि विद्युत व्यवस्था में शीघ्र सुधार नहीं हुआ तो विरोध-प्रदर्शन की स्थिति निर्मित हो सकती है। ऐसे में विभाग के लिए आवश्यक है कि समस्या के कारणों का पता लगाकर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करे, ताकि उपभोक्ताओं को राहत मिल सके।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[join_button]
WhatsApp