ग्रामोदय विश्वविद्यालय में वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक सम्पन्नकुलगुरु प्रो आलोक चौबे की अध्यक्षता
1 min read

चित्रकूट- 08 मई 2026 महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय में कुलगुरु प्रो आलोक चौबे की अध्यक्षता में रजत जयंती भवन में स्थित बोर्ड रूम में विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में विश्वविद्यालय की शैक्षणिक, प्रशासनिक एवं विकासात्मक गतिविधियों से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा एवं आवश्यक निर्णय लिए गए।
बैठक में कुलसचिव, अधिष्ठाता, विभागाध्यक्ष, निदेशक, परियोजना नोडल अधिकारी, परीक्षा नियंत्रक, लेखा नियंत्रक, कुलानुशासक, उप कुलसचिव, छात्रावास अधीक्षक-अधीक्षिका, जन संपर्क अधिकारी, राष्ट्रीय सेवा योजना, आई.टी. सेल, कंप्यूटर सेंटर तथा अन्य प्रशासनिक इकाइयों के अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान प्रस्तावित दीक्षांत समारोह की तैयारियों की समीक्षा की गई तथा विभिन्न समितियों के गठन पर विचार-विमर्श किया गया। साथ ही प्रवेश प्रसार समिति के गठन, छात्रावास व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने, डीन बाई रोटेशन व्यवस्था तथा विद्यापरिषद एवं प्रबंध मंडल के निर्णयों के प्रभावी अनुपालन संबंधी विषयों पर चर्चा हुई।
कुलगुरु प्रो चौबे ने अधिकारियों को विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता, प्रशासनिक पारदर्शिता एवं विद्यार्थियों की सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय की सभी इकाइयाँ समन्वय एवं उत्तरदायित्व की भावना से कार्य करें, जिससे संस्थान की गरिमा एवं कार्यक्षमता में निरंतर वृद्धि हो।
बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा प्रगति प्रतिवेदन भी प्रस्तुत किए गए तथा लंबित कार्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने पर बल दिया गया। विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो आञ्जनेय पांडेय ने बैठक को अत्यंत उपयोगी एवं सकारात्मक बताते हुए इसे संस्थागत विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
………………………………2
ग्रामोदय विवि.में
विश्व रेडक्रॉस दिवस कार्यक्रम सम्पन्न
आपातकालीन रोकथाम में प्राथमिक उपचार की महत्ता पर हुआ व्याख्यान
योगासन, प्राणायाम व ध्यान का
शिक्षण – प्रशिक्षण कार्यक्रम हुआ
चित्रकूट- 08 मई 2026 महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय में विश्व रेड क्रॉस दिवस के अवसर पर “आपातकालीन रोकथाम में प्राथमिक उपचार की महत्ता” विषय पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन कुलगुरू प्रो आलोक चौबे की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ। इस मौके पर कुलगुरु प्रो आलोक चौबे ने कहा कि इस दिवस का उद्देश्य मानवता, सेवा, करुणा तथा आपदा के समय सहायता की भावना को प्रोत्साहित करना है। आपदा एवं आकस्मिक परिस्थितियों में प्राथमिक उपचार के महत्व के प्रति विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों को जागरूक करना इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य था।

कार्यक्रम में निदेशक सीएम सीएलडीपी प्रो अमरजीत सिंह ने बताया कि विश्व रेड क्रॉस दिवस प्रतिवर्ष 08 मई को अंतरराष्ट्रीय रेड क्रॉस आंदोलन के संस्थापक हेनरी ड्यूनेंट की जयंती के अवसर पर मनाया जाता है।
वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में सड़क दुर्घटनाएं, आग लगने की घटनाएं, हृदयाघात एवं प्राकृतिक आपदाएं निरंतर बढ़ रही हैं। ऐसी परिस्थितियों में प्राथमिक उपचार किसी घायल अथवा बीमार व्यक्ति के जीवन को बचाने का प्रथम एवं महत्वपूर्ण कदम होता है। समय पर दिया गया सही उपचार गंभीर स्थिति को नियंत्रित करने के साथ-साथ मृत्यु एवं स्थायी विकलांगता के जोखिम को भी कम कर सकता है।
कार्यक्रम के संयोजक डॉ. राकेश कुमार श्रीवास्तव, विभागाध्यक्ष आयुर्वेद विभाग ने विद्यार्थियों एवं उपस्थितजनों को सीपीआर, रक्तस्राव रोकने की विधि, जलने पर प्राथमिक उपचार, हड्डी टूटने की स्थिति में बरती जाने वाली सावधानियां तथा आपदा प्रबंधन से संबंधित आवश्यक प्राथमिक उपचार तकनीकों की विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने कहा कि दुर्घटना के समय घबराने के बजाय सही एवं त्वरित सहायता देना ही प्राथमिक उपचार का मूल उद्देश्य है।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. संतोष कुमार अरसिया द्वारा किया गया, धन्यवाद ज्ञापन डॉ. उमेश कुमार शुक्ला ने प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में प्रो सीता शरण गौतम, प्रो सी पी गुजर, प्रो रवि कांत श्रीवास्तव सहित विश्वविद्यालय के प्राध्यापकगण, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। इसी श्रृंखला में रेड क्रॉस दिवस पर कला संकाय परिसर में
पी एच. डी. के छात्र – छात्राओं के स्वास्थ्य संवर्धन एवं व्यक्तित्व विकास के लिए डा. अशोक कुमार दुबे ( योग-शिक्षक) के संयोजन में योगासन, प्राणायाम व ध्यान का शिक्षण – प्रशिक्षण का कार्यक्रम किया गया ।

Subscribe to my channel