March 31, 2026

Udghosh Samay News

खबर जहां हम वहां

बाइक लूटकांड: 15 दिन बाद भी मुलमुला पुलिस के हाथ खाली,  आरोपी बेखौफ घूम रहे

1 min read
Spread the love

संवाददाता : जिला ब्यूरो चीफ, जांजगीर-चांपा।     उदघोष समय न्यूज़, 31 मार्च 2026।


जांजगीर-चांपा।   जिले के आदर्श थाना मुलमुला क्षेत्र में 14 मार्च की रात हुई बाइक लूट की घटना के 15 दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस आरोपियों तक नहीं पहुंच पाई है। चार बदमाशों द्वारा एक युवक के साथ मारपीट कर बाइक लूट ले जाने की वारदात ने स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है, वहीं पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।


जानकारी के अनुसार, सलखन निवासी 26 वर्षीय दिनेश कुमार यादव 14 मार्च को अपने ससुराल मुलमुला से वापस लौट रहे थे। रात करीब 9:50 बजे ग्राम मुलमुला और नंदेली के बीच फुलसागर तालाब के पास मेन रोड पर टॉयलेट के लिए रुकने पर दो बाइक पर सवार चार अज्ञात युवकों ने उन पर हमला कर दिया। बदमाशों ने दिनेश की गर्दन पकड़कर उन्हें नीचे गिराया और मारपीट की। इसके बाद उनकी बजाज एनएस प्लसर मोटरसाइकिल (रजिस्ट्रेशन CG 11 BT 2468) लूटकर व्यासनगर की ओर फरार हो गए।


घटना की सूचना मिलते ही पीड़ित ने अगले दिन मुलमुला थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 309(4) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज किया, लेकिन अब तक कोई ठोस सुराग या गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।


पेट्रोलिंग का दावा, लेकिन नतीजा शून्य
मुलमुला पुलिस प्रशासन दावा करता है कि क्षेत्र में नियमित रात्रि पेट्रोलिंग की जा रही है। घटना के बाद पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू की और कुछ संदिग्ध व्यक्तियों को थाने भी लाया, लेकिन कोई ठोस परिणाम नहीं निकला। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि रात के समय सड़कों पर सुरक्षा की कमी साफ महसूस हो रही है।


थाना क्षेत्र में कई मामले अनसुलझे:
मुलमुला थाना क्षेत्र में हाल के महीनों में चोरी, लूट और मारपीट की कई अन्य घटनाएं भी दर्ज हैं, जिनमें अब तक पुलिस कोई सफलता हासिल नहीं कर पाई है। लगातार बढ़ते लंबित मामलों और फरार आरोपियों के कारण स्थानीय नागरिकों में आक्रोश बढ़ रहा है। लोग पूछ रहे हैं कि आखिर कब तक आरोपी खुलेआम घूमते रहेंगे और पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी रहेगी?


स्थानीय प्रतिक्रिया
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। कई लोगों ने कहा कि “रात में बाहर निकलना अब जोखिम भरा हो गया है। पुलिस अगर समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं करती तो ऐसी घटनाएं और बढ़ेंगी।”

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[join_button]
WhatsApp