कोरजानाला पुल के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर से गिरकर छात्रा की मौत, चालक पर गैरइरादतन हत्या का मामला दर्ज
1 min read
धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवती की जान चली गई। घटना 14 जनवरी 2026 की दोपहर करीब एक बजे की बताई जा रही है। प्राथमिकी के अनुसार पुटु कछार से खम्हार जाने वाले मेन रोड पर कोरजानाला पुल के पास तेज और लापरवाही से चलाए जा रहे महिंद्रा ट्रैक्टर से गिरने के बाद युवती को गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

मामले में दर्ज एफआईआर के मुताबिक महिंद्रा ट्रैक्टर क्रमांक CG13BA 5060 को राजू मिंज चला रहा था। ट्रैक्टर के चालक के बगल में बैठी छात्रा अचानक नीचे गिर गई, जिससे उसके दाहिने कंधे, सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। मौके पर मौजूद लोगों ने घायल छात्रा को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खम्हार पहुंचाया, जहां से उसे धरमजयगढ़ सिविल अस्पताल रेफर किया गया। चिकित्सकों ने जांच के बाद छात्रा को मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर धरमजयगढ़ पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 106(1) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार यह मामला वाहन चालक द्वारा तेज गति एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने से हुई मृत्यु से संबंधित है। प्राथमिकी में प्रत्यक्षदर्शियों के बयान का भी उल्लेख किया गया है, जिन्होंने हादसे की पुष्टि की है।
पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना ने क्षेत्र में सड़क सुरक्षा और भारी वाहनों में सवारी बैठाने की लापरवाह प्रवृत्ति पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते ऐसे मामलों पर सख्ती नहीं की गई, तो इस तरह की घटनाएं दोहराई जाती रहेंगी।
Subscribe to my channel