अनूपपुर जिले के रक्सा एवं कोलमी क्षेत्र में प्रस्तावित न्यू जोन इंडिया–टोरेंट पावर परियोजना को लेकर किसानों को भड़काने की कोशिश किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ तथाकथित लोग, जिनका इस ग्राम से कोई प्रत्यक्ष संबंध नहीं है, अपने निजी स्वार्थों के लिए क्षेत्र में अफवाहें फैलाकर भ्रम की स्थिति उत्पन्न कर रहे हैं।
स्थानीय ग्रामीणों ने ऐसे दावों को सिरे से खारिज करते हुए कहा है कि कंपनी द्वारा किए जा रहे कार्य तय शर्तों और आश्वासनों के अनुरूप हैं। ग्रामीणों का कहना है कि भूमि देने का निर्णय पूरी तरह स्वैच्छिक रहा है और किसी पर किसी प्रकार का दबाव नहीं बनाया गया।
ग्रामीणों के अनुसार परियोजना के प्रति विश्वास जताते हुए हाल ही में पांच और किसानों ने अपनी भूमि कंपनी को सौंपने के लिए ग्राम पंचायत में आवेदन प्रस्तुत किया है, जो इस बात का प्रमाण है कि क्षेत्र के किसान विकास कार्यों के पक्ष में हैं।
ग्रामीणों ने यह भी स्पष्ट किया कि बाहरी तत्वों द्वारा फैलाए जा रहे भ्रम का वे समर्थन नहीं करते और प्रशासन से ऐसे लोगों पर नजर रखने की मांग की है, ताकि क्षेत्र में शांति और सौहार्द बना रहे।