पत्थलगांव में कृषि विभाग का छापा! कई बीज-खाद दुकानें निशाने पर
1 min read
जशपुर: उप संचालक कृषि जशपुर, एम.आर. भगत के नेतृत्व में शनिवार, 26 अप्रैल 2025 को पत्थलगांव क्षेत्र के निजी बीज एवं रासायनिक उर्वरक दुकानों का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। इस कार्रवाई में स्थानीय कृषि अधिकारियों की भी सहभागिता रही।

कई प्रतिष्ठानों पर दस्तावेजों और भंडारण व्यवस्था की जांच
निरीक्षण के दौरान मेसर्स अपना कृषि केन्द्र, विशाल इंटरप्राइज़ेज, बाबा कृषि केन्द्र, मोनू एग्रो, अन्नू बीज भंडार, बालाजी खाद भंडार और श्रीराम सेल्स सहित अन्य प्रतिष्ठानों की जांच की गई। एम.आर. भगत ने दुकानों में स्टॉक रजिस्टर, बिल बुक और पॉस मशीन का अवलोकन किया।
बंद मिला अन्नपूर्णा खाद भंडार का विक्रय केंद्र
निरीक्षण के समय अन्नपूर्णा खाद भंडार का विक्रय केंद्र बंद पाया गया। इस संबंध में एम.आर. भगत द्वारा नियमानुसार आवश्यक निर्देश दिए गए। दुकानदारों को यह भी सख्त हिदायत दी गई कि वे एक्सपायरी बीज, खाद या कीटनाशक का भंडारण अथवा विक्रय न करें।

अनियमितता मिलने पर लाइसेंस निरस्तीकरण की चेतावनी
उप संचालक कृषि ने स्पष्ट किया कि निरीक्षण में किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित दुकानों के लाइसेंस को निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सभी विक्रेताओं को अपने दस्तावेजों का विधिवत संधारण करने के निर्देश भी दिए गए।
प्रयोगशाला परीक्षण के लिए लिए गए नमूने
निरीक्षण के दौरान चार कीटनाशक और चार रासायनिक उर्वरक के नमूने एकत्रित किए गए, जिन्हें परीक्षण हेतु प्रयोगशाला भेजा जाएगा। इस कदम का उद्देश्य किसानों तक गुणवत्तापूर्ण कृषि सामग्री पहुँचाना है।
निरीक्षण दल में कई वरिष्ठ अधिकारी रहे शामिल
इस निरीक्षण अभियान में अनुविभागीय कृषि अधिकारी आर.के. पैकरा, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी जीवन एक्का, जेम्स लकड़ा, एम.आर. राठिया, जी.एस. टाईगर और अरुण साहू भी मौजूद रहे। पूरी प्रक्रिया के दौरान विभागीय अधिकारियों ने समन्वय स्थापित कर कार्रवाई को अंजाम दिया।
Subscribe to my channel