Recent Posts

November 22, 2026

Udghosh Samay News

खबर जहां हम वहां

धान खरीदी में लापरवाही बर्दाश्त नहीं! कलेक्टर महोबे ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश, लंबित शिकायतों का समय-सीमा में करें निराकरण!

1 min read
Spread the love


जांजगीर-चांपा। जिले में धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के साथ शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। सोमवार, 16 नवंबर 2026 को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में उन्होंने विभिन्न विभागों के कार्यों, विकास योजनाओं और लंबित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की।


बैठक में कलेक्टर ने कहा कि खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत जिले में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी प्रारंभ हो चुकी है। ऐसे में सभी नोडल अधिकारी एवं समिति प्रबंधक धान खरीदी केंद्रों की नियमित निगरानी करें। उन्होंने टोकन व्यवस्था, धान की आवक, भंडारण और खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी एवं सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए।


कलेक्टर ने सभी धान उपार्जन केंद्रों में इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन, बायोमेट्रिक डिवाइस, कंप्यूटर, प्रिंटर, इंटरनेट कनेक्शन, सीसीटीवी कैमरे और पर्याप्त बारदानों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही किसानों की सुविधा के लिए पेयजल, छाया, शौचालय, बिजली और साफ-सफाई जैसी मूलभूत व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।


पारस पोर्टल पर नियमित अपडेट हो योजनाओं की प्रगति
कलेक्टर श्री महोबे ने पारस पोर्टल पर विभागवार योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को नियमित रूप से जानकारी अपडेट करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन, उपलब्धियों और निर्धारित लक्ष्यों की निगरानी पोर्टल के माध्यम से की जाती है। इसलिए सभी विभाग अपनी जिम्मेदारी गंभीरता से निभाएं।


प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा करते हुए उन्होंने योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने और अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने पर जोर दिया।


1076 और जनदर्शन की शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निराकरण जरूरी:


बैठक में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, मुख्यमंत्री जनदर्शन एवं कलेक्टर जनदर्शन से प्राप्त आवेदनों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों को लंबित न रखें, बल्कि प्राथमिकता के आधार पर समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करें। साथ ही शिकायतकर्ताओं को की गई कार्रवाई की जानकारी भी उपलब्ध कराएं।


इसके अलावा जिले में अवैध अतिक्रमण के मामलों पर नियमित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। बैठक में पंचायत एवं ग्रामीण विकास, लोक निर्माण, शिक्षा, विद्युत, खाद्य, सहकारिता, नगरीय प्रशासन, मत्स्य पालन, महिला एवं बाल विकास तथा पशु चिकित्सा विभाग सहित अन्य विभागों की समीक्षा की गई।


इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री बीरेन्द्र लकड़ा, श्री आर.के. तंबोली, श्री प्रमोद गुप्ता, श्रीमती स्निग्धा तिवारी, संयुक्त कलेक्टर श्री संदीप ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[join_button]
WhatsApp